मलेरिया नियंत्रण के लिए पोटका में दूसरे दिन भी चला अभियान

हेल्थ के नाम से | Prabhat Khabar Network
जमशेदपुर के पोटका में मलेरिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान जारी। लोगों को झाड़-फूंक से बचने और सरकारी अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई।
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
जिले में मलेरिया नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिविल सर्जन डॉ साहिर पॉल के निर्देश पर रविवार को लगातार दूसरे दिन भी पोटका प्रखंड के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अभियान चलाया गया. इस अभियान का उद्देश्य मलेरिया के संभावित रोगियों की शीघ्र पहचान, त्वरित उपचार, गंभीर मरीजों को रेफर तथा ग्रामीण समुदाय को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करना है. इस अभियान में 20 मेडिकल ऑफिसर, 29 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ ), 11 एमपीडब्ल्यू. (एमपीडब्ल्यू ) और संबंधित क्षेत्रों की सहियाओं को लगाया गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर दवाएं उपलब्ध करा रही हैं. गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. कर्मचारियों द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि मलेरिया एक गंभीर, लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है. बशर्ते समय पर जांच एवं सही इलाज कराया जाये. लोगों से अपील की जा रही है कि वे झाड़-फूंक, अंधविश्वास अथवा झोला छाप चिकित्सकों के भरोसे अपना इलाज न कराएं, क्योंकि इससे उपचार में देरी होती है और रोग गंभीर रूप धारण कर सकता है. किसी भी प्रकार का बुखार आने पर तुरंत निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं इलाज कराएं. सिविल सर्जन डॉ साहिर पॉल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ मलेरिया नियंत्रण के लिए कार्य कर रहा है.
मलेरिया से बचाव के उपाय
- घर एवं आसपास पानी का जमाव न होने दें. - रात में हमेशा मच्छरदानी का उपयोग करें.
- पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं. - तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द अथवा शरीर में दर्द होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं.
- स्वास्थ्य विभाग के सर्वे, जांच एवं उपचार अभियान में सहयोग करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










