पूर्वी सिंहभूम : 3 साल में 7 मिनी स्टील प्लांट बंद, 10 हजार लोग हो गए बेरोजगार, संकट में छोटी कंपनियां

Updated at : 28 Oct 2023 2:14 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्वी सिंहभूम : 3 साल में 7 मिनी स्टील प्लांट बंद, 10 हजार लोग हो गए बेरोजगार, संकट में छोटी कंपनियां

झारखंड में औद्योगिक लिहाज से अग्रणी रहने वाला जिला पूर्वी सिंहभूम में कई कंपनियां संकट में हैं. हाल के दिनों में पूर्वी सिंहभूम के कई मिनी स्टील और इंगोट प्लांट बंद हो चुके हैं. इसके कारण करीब 10 हजार लोग बेरोजगार हो गए हैं.

विज्ञापन

जमशेदपुर, ब्रजेश सिंह : पूर्वी सिंहभूम को औद्योगिक लिहाज से अग्रणी जिला माना जाता है, लेकिन हाल के दिनों में बिजली दर में वृद्धि के कारण पूर्वी सिंहभूम के कई मिनी स्टील और इंगोट प्लांट बंद हो चुके हैं. साथ ही, लॉजिस्टिक खर्च की वजह से भी प्लांट बंद हुए हैं. बीते तीन वर्षों में चाकुलिया और धालभूमगढ़ में सात स्टील प्लांट बंद हुए हैं. उद्यमियों के अनुसार, झारखंड सरकार से उन्हें सब्सिडी नहीं मिली, जबकि बिजली की दर लगातार बढ़ती गयी. कई उद्यमी तो ऐसे हैं, जिन लोगों ने उद्योग के लिए जमीन खरीदी, लेकिन बिजली की दर बढ़ जाने से उनके समक्ष प्लांट बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा. इंडक्शन फर्नेस के अलावा मिनी स्टील प्लांट और इंगोट बनाने वाली कंपनियां बंद हुई हैं. जमीन सस्ती होने की वजह से उद्यमियों ने चाकुलिया और धालभूमगढ़ में प्लांट लगाया, लेकिन अब उन्हें प्लांट बंद करना पड़ रहा है. कई ने जमीन खरीदी, लेकिन प्लांट नहीं लगाया. पश्चिम बंगाल नजदीक होने से माल ढुलाई में आसानी होने की वजह से भी यहां प्लांट लगाया, लेकिन एक के बाद एक प्लांट बंद हो गये. प्लांट बंद होने से करीब 10 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बेरोजगार हो गये हैं. उद्यमियों के अनुसार, 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान उन्हें होने लगा था, जिस कारण यह फैसला लेना पड़ा. उद्यमी डीवीसी की बिजली दर की डिमांड कर रहे हैं, क्योंकि उसकी दर 4.20 रुपये प्रति यूनिट है, जबकि झारखंड राज्य विद्युत निगम लिमिटेड की बिजली की दर 6.20 रुपये प्रति यूनिट है.

  • बिजली दर बढ़ने व सब्सिडी नहीं मिलने से संकट में उद्योग

  • धालभूमगढ़ और चाकुलिया से उद्यमियों ने किया पलायन

  • इंडक्शन फर्नेस के अलावा मिनी स्टील प्लांट और इंगोट बनाने वाली कंपनियां हो गयीं बंद

इसलिए प्लांट को बंद करने का लिया फैसला

  • उद्यमी बोले-लगातार बिजली दर बढ़ने और सरकार से सब्सिडी नहीं मिलने से कंपनियों को 25 से 30 लाख रुपये का हो रहा था नुकसान

  • डीवीसी की बिजली दर मिले, क्योंकि उसकी दर 4.20 रुपये प्रति यूनिट है, जबकि झारखंड राज्य विद्युत निगम की बिजली दर 6.20 रुपये प्रति यूनिट है.

ये प्लांट हुए बंद

1. शंकर फेरो- सतकटिया, चाकुलिया

2. बाबूभाई मेटालिक्स- जामडोल

3. सुख सागर- जामडोल, चाकुलिया

4. हिमाद्री स्टील- धालभूमगढ़

5. हरिओम स्मेल्टर- धालभूमगढ़

6. गजानन फेरो- धालभूमगढ़

7. सिद्धि विनायक- धालभूमगढ़

झारखंड सरकार बिजली दर कम करती है, तो फिर से प्लांट चालू कर सकते हैं. अभी तो प्लांट चलाना मुश्किल है. हम लोग प्लांट में पैसे लगाकर फंस चुके हैं. बैंकों की परेशानी अलग से झेलनी पड़ रही है. इस संकट से सरकार चाहे, तो उबार सकती है.

सौरभ कुमार, बाबूभाई मेटालिक्स

हम लोगों ने इंइंडस्ट्री सेक्रेटरी और ऊर्जा सचिव से मुलाकात की. समस्या को रखा है कि उद्यमी पलायन कर रहे हैं. बिजली के टैरिफ को या तो कम किया जाये या फिर डीवीसी जैसा ऑप्शन दिया जाये. डीवीसी सस्ती बिजली दे रही है, जबकि जेबीवीएनएल महंगा बिजली दे रही है.

विजय आनंद मूनका, अध्यक्ष, सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स

Also Read: पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को 27,000 करोड़ की दी सौगात, नगरनार स्टील प्लांट का उद्घाटन कर किया यह वादा

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola