नदियों के उफान से नया बस्ती बेहाल, पानी उतरने के बाद भी सहमे लोग

Updated:
विज्ञापन

बागबेड़ा में बाढ़ से परेशान लोग.

जमशेदपुर में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. खरकई और सुवर्णरेखा नदियों के जलस्तर में वृद्धि से बागबेड़ा और जुगसलाई के निचले इलाके जलमग्न हो गए. विधायक संजीव सरदार के नेतृत्व में राहत कार्य जारी है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. बारिश के कारण स्थानीय खरकई और सुवर्णरेखा नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो गई. इससे बागबेड़ा और जुगसलाई के निचले इलाके जलमग्न हो गए. सबसे खराब स्थिति बागबेड़ा की नया बस्ती और जुगसलाई के तटीय क्षेत्रों में देखने को मिली. यहां 300 से अधिक घरों में नदी और नालों का पानी घुस गया.

शाम में दर्ज की गयी जलस्तर में गिरावट

हालांकि, बुधवार की शाम लगभग 4 बजे जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई. अधिकांश इलाकों से बाढ़ का पानी निकल गया. बावजूद, नाले से सटे 8 से 10 मकानों में अब भी पानी भरा हुआ है. भले ही पानी घटने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन रुक-रुक कर हो रही रिमझिम बारिश ने उनकी चिंताएं बढ़ा दी हैं. मौसम के तेवर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं.

विधायक संजीव सरदार ने राहत अभियान चलाया

बुधवार की सुबह जैसे ही बागबेड़ा और जुगसलाई की निचली बस्तियों में जलजमाव व बाढ़ की भयावह स्थिति की सूचना मिली, पोटका क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार तुरंत हरकत में आए. उन्होंने प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को तत्काल राहत अभियान शुरू करने का निर्देश दिया. विधायक के निर्देश मिलते ही झामुमो के कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रभावित बस्तियों में पहुंचे. संकट की इस घड़ी में स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. युवाओं की टीमों ने सुबह-सुबह घर-घर जाकर बाढ़ पीड़ितों के बीच दूध के पैकेट और बिस्कुट का वितरण किया, ताकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भुखमरी का सामना न करना पड़े.


प्रभावित परिवारों में किया ब्रेड व केला का वितरण.
प्रभावित परिवारों में किया ब्रेड व केला का वितरण.

प्रभावित परिवारों के बीच 1000 ब्रेड व केला पैकेट का वितरण

विधायक संजीव सरदार के सहयोग से झामुमो का एक टीम ने बागबेड़ा के बाढ़ प्रभावित इलाके में शिविर लगाया. शिविर के माध्यम से पानी से घिरे और बेघर हुए जरूरतमंद परिवारों के बीच लगभग 1000 पैकेट ब्रेड और केलों का वितरण किया गया. पार्टी के सदस्यों ने खुद गलियों और पानी भरे रास्तों में जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासनिक स्तर पर भी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किये जायेंगे.

हर संकट में जनता के साथ मजबूती से खड़ा है संगठन : किस्कू

राहत सामग्री वितरण के दौरान मौजूद झामुमो जमशेदपुर प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष बहादूर किस्कू ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में संगठन पूरी निष्ठा के साथ आम जनता के साथ खड़ा है. लगातार बारिश से जिन परिवारों के घरों में पानी घुसा है और जिनका राशन-पानी बर्बाद हुआ है, उन्हें राहत पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता है. विधायक संजीव सरदार स्वयं पूरे क्षेत्र की स्थिति पर पल-पल की नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि बारिश का दौर जारी रहता है या जलस्तर दोबारा बढ़ता है, तो क्षेत्र में सूखा राशन, तिरपाल और अन्य जरूरी सामग्रियों का वितरण आगे भी जारी रहेगा.मौके पर तरुण सरदार, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कु, प्रखंड सचिव जगत मार्डी, पिंटू प्रसाद, मायावती टुडू, नीता सरकार, द्रौपती मुंडा, सुनील गुप्ता, संजय महतो समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.


विज्ञापन
दशमत सोरेन

लेखक के बारे में

By दशमत सोरेन

दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola