Jamshedpur News : टाटानगर स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, कमी देख भड़के

Edited by RAJESH SINGH
Updated:
विज्ञापन

Jamshedpur News : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने शनिवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया.

विज्ञापन

यात्री के साथ ट्रेनों की संख्या भी बढ़ेगी : डीआरएम

री-डेवलपमेंट में आ रही बाधाओं को दूर करने पर जोर

Jamshedpur News :

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने शनिवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया. सुबह 8:30 बजे पहुंचे डीआरएम ने सबसे पहले केंद्रीय विद्यालय के पास बन रहे रेलवे रेस्ट हाउस की प्रगति का जायजा लिया, जिसके बाद स्टेशन परिसर में अधिकारियों के साथ पुनर्विकास परियोजना को लेकर बैठक की. बैठक में टाटानगर स्टेशन के मास्टर प्लान को धरातल पर उतारने और री-डेवलपमेंट में आ रही बाधाओं को दूर करने की रणनीति पर चर्चा हुई.

इस समीक्षा बैठक में एडीआरएम विनय कुजूर, एरिया प्रबंधक अभिषेक सिंघल, स्टेशन निदेशक सुनील कुमार सहित कोलकाता और चक्रधरपुर से आये रेलवे के इंजीनियरिंग, मैकेनिकल और भूमि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.

मालगाड़ी और यात्री ट्रेनों के ससमय परिचालन पर जोर

डीआरएम ने कहा कि आने वाले समय में यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, इसलिए ट्रेनों की संख्या भी बढ़ायी जायेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मालगाड़ी समय पर खुले और भेजे गये माल समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित कराया जायेगा. साथ ही साथ यात्री ट्रेनों का संचालन भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. सभी विकल्पों पर विचार कर ठोस कार्यवाही की जायेगी.

ट्रेनिंग सेंटर में वाइ-फाइ की सुविधा नहीं होने पर भड़के

निरीक्षण के दौरान डीआरएम विद्युत लोको शेड और लोको ट्रेनिंग सेंटर भी पहुंचे. ट्रेनिंग सेंटर में चल रही कक्षा में पहुंचे डीआरएम ने पूछा डिस्प्ले पर क्या लिख रहे हो, ऐसी ट्रेनिंग से क्या होगा. डिस्प्ले क्वालिटी और प्रशिक्षण सामग्री पर भी उन्होंने असंतोष जताया. उन्होंने जब वाइ-फाइ की उपलब्धता के बारे में पूछा, तो प्रिंसिपल ने बताया कि केवल कार्यालय में वाइ-फाइ की सुविधा है. इस पर डीआरएम भड़क गये. उन्होंने पूरे ट्रेनिंग सेंटर में वाइ-फाइ सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरुकता का संदेश भी दिया.

जल्द शुरू होगा जुगसलाई रेलवे फुटओवर ब्रिज

डीआरएम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लोको अंडरपास का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ तकनीकी खामियों की वजह से अभी इसे आम लोगों के लिए नहीं खोला गया है. वहीं, जुगसलाई रेलवे फुटओवर ब्रिज का कार्य भी जारी है, जिसमें लाइटिंग समेत कुछ सुविधाओं की कमी है, जिसे दुरुस्त कर जल्द शुरू कर दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि अब तक दी गयी नोटिस के आधार पर अतिक्रमण हटाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola