सुबह हुआ बादल, बढ़ी कनकनी पारा पहुंचा 8.20, ट्रेनें भी प्रभावित
Updated at : 31 Dec 2019 8:51 AM (IST)
विज्ञापन

जमशेदपुर : शहर में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. लोगों को दिन भर स्वेटर नहीं उतर रहा है. धूप में भी लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है. शहर में तेजी से चल रही सर्द हवाओं ने कनकनी को बढ़ा दिया है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, […]
विज्ञापन
जमशेदपुर : शहर में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. लोगों को दिन भर स्वेटर नहीं उतर रहा है. धूप में भी लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है. शहर में तेजी से चल रही सर्द हवाओं ने कनकनी को बढ़ा दिया है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिकतम 69 व न्यूनतम 54 प्रतिशत रही. मौसम विभाग रांची के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच बना रहेगा. जबकि अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
कुहासे के कारण कई ट्रेनें लेट, परेशान रहे यात्री
दिल्ली सहित अन्य जगहों पर कुहासे के कारण दिल्ली की ओर से आने वाली अधिकतर ट्रेनें तीन से चार घंटे लेट टाटा पहुंच रही है. वहीं सोमवार को दिल्ली से आ रही नीलांचल एक्सप्रेस चार घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आठ घंटे, उत्कल एक्सप्रेस एक घंटे, जम्मूतवी एक्सप्रेस आठ घंटे और छपरा एक्सप्रेस नौ घंटे लेट टाटानगर पहुंची. इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
जलाये गये अलाव, गरीबों के बीच बंटे कंबल
जमशेदपुर. ठंड को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से सोमवार को 16 और मानगो नगर निगम की ओर से छह स्थानों पर अलाव जलाया गया. देर रात दोनों निकाय की ओर से गरीबों के बीच कंबल वितरित किया गया. जेएनएसी क्षेत्र में रंकिणी मंदिर के समीप, साकची बड़ा गोलचक्कर के समीप, शीतला मंदिर, एमजीएम हॉस्पिटल, मिनी बस स्टैंड पोस्ट ऑफिस के समीप, साकची नौ नंबर स्टैंड के समीप, सोनारी स्थित रूपनगर चौक, कागलनगर चौक, एरोड्रम ऑटो स्टैंड, कदमा गणेश पूजा मैदान एमटू चौक के पास, बिष्टुपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ऑटो स्टैंड के समीप, बिष्टुपुर डायग्नल रोड ऑटो स्टैंड, बिष्टुपुर खरकई ब्रिज के सामने, बर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा मैदान चौक, गोलमुरी स्थित फूड प्लाजा चौक के समीप, बारीडीह स्थित मर्सी हॉस्पिटल, बारीडीह ऑटो स्टैंड, ह्यूम पाइप स्थित भुइयांडीह पुल के पास अलाव जलाया गया. जबकि मानगो नगर निगम की ओर से खुदीराम बोस गोलचक्कर, डिमना गोलचक्कर, पारडीह चौक, गांधी मैदान सहित छह जगहों पर अलाव जलाया गया.
अखबारों में छपी खबरों पर डीसी ने लिया संज्ञान
जमशेदपुर. डीसी रविशंकर शुक्ला ने स्वत: संज्ञान लेकर सभी बीडीओ और नगर निकाय के विशेष पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रमुख चौक चौराहों पर ठंड को देखते हुए अलाव जलाना सुनिश्चित करें. वहीं रैन बसेरा में ठंड से बचने के लिए बुनियादी सुविधा लोगों को उपलब्ध कराने को कहा है. तापमान में लगातार गिरावट एवं कड़ाके की ठंड से संबंधित अखबारों में छपे खबरों को देखते हुए डीसी रविशंकर शुक्ला ने स्वत: संज्ञान लेकर यह आदेश जारी किया है.
उन्होंने जिले के वरीय पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि उन्हें कोई गरीब एवं वैसे व्यक्ति, जिसके पास कंबल वगैरह ना हो, उसे कंबल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. डीसी ने मानगो नगर निगम एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और जुगसलाई नगर पालिका के विशेष पदाधिकारियों को रात सात बजे से 12 बजे तक स्वयं सड़क पर निकल जांच करने का निर्देश दिया गया कि कोई व्यक्ति खुले में नहीं सोये.
डीसी ने जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस कड़ाके की ठंड की वजह से जिले में कोई हताहत अथवा कोई अप्रिय घटना हो, तो इसके लिए वो हर संभव प्रयास करें. अलाव एवं कंबल वितरण से संबंधित प्रतिवेदन उन्होंने उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है. पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान में गिरावट जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




