फर्जीवाड़ा गिरोह पर दबिश

Updated:
विज्ञापन
फर्जीवाड़ा गिरोह पर दबिश

भारी मात्रा में दस्तावेज व बैंकिंग उपकरण बरामद

विज्ञापन

विष्णुगढ़. फर्जी तरीके से क्रेडिट व डेबिट कार्ड से पैसे उड़ाने के मामले में विष्णुगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज व बैंकिंग से जुड़ा उपकरण बरामद किया. हालांकि मुख्य अभियुक्त घर से फरार होने में सफल रहा. पुलिस को 24 अप्रैल को सूचना मिली कि इस गिरोह के मुख्य अभियुक्त अपने घर आया हुआ है अौर पुनः धोखाधड़ी के कार्य में सक्रिय है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सपन कुमार महथा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर छापामारी की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही अभियुक्त फरार हो गया. छापामारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के घर से बड़ी संख्या में विभिन्न लोगों के पहचान पत्र व बैंकिंग दस्तावेज बरामद किया. बरामद सामान में 35 आधार कार्ड, 28 वोटर आइडी कार्ड, 89 विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड, आठ पैन कार्ड, 39 पासबुक, सात चेकबुक, तीन सिम कार्ड, दो लैपटॉप, दो डोंगल व दो मोबाइल फोन शामिल हैं. छापामारी दल में पुअनि अनुपम प्रकाश, आशिष कुमार सिंह, ग्लेडिस बरजो, महिला पुलिसकर्मी कंचन कुमारी सहित थाना रिजर्व बल के जवान शामिल थे.

बड़े स्तर पर जालसाजी की आशंका

जांच में पाया गया है कि कई आधार कार्ड व वोटर आइडी में एक ही फोटो का इस्तेमाल कर अलग-अलग नाम से दस्तावेज बनाये गये हैं. कुछ मामलों में एक ही आधार नंबर पर अलग-अलग फोटो व नाम दर्ज पाया गया. जिससे बड़े स्तर पर पहचान की जालसाजी की आशंका जतायी जा रही है. पीड़िता बसंती देवी के आवास योजना की दूसरी किस्त से संबंधित एनएसडीएल पेमेंट बैंक का डेबिट कार्ड भी अभियुक्त के घर से बरामद हुआ, जो इस गिरोह के सीधे तौर पर लाभुकों के खाते से छेड़छाड़ में संलिप्त होने का संकेत देता है.

ठगी के नेटवर्क का जल्द खुलासा : पुलिस

पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया जा रहा है. फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है. इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आने की संभावना जतायी जा रही है.

विज्ञापन
Sunil Prasad

लेखक के बारे में

By Sunil Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola