लुटेरों की तलाश में जुटी एसआइटी

बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड : आइजी व डीआइजी ने लिया घटना का जायजा
बरही. बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 24 अप्रैल को हुई डकैती में शामिल लुटेरों का सुराग पाने में जिला पुलिस की एफएसएल व तकनीकी टीम लगी हुई है. शनिवार को बैंक बंदी के दिन भी पुलिस जांच के लिए बरही शाखा को खुला रखा गया. हजारीबाग के एडिशनल एसपी अमित कुमार, बरही डीएसपी अजित कुमार विमल व बरही थाना प्रभारी ने तकनीकी टीम के साथ बैंक के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. इस बीच बोकारो जोन के आइजी शैलेंद्र सिन्हा, डीआइजी अंजनी झा व हजारीबाग एसपी अमन कुमार बैंक ऑफ महाराष्ट्र बरही शाखा पहुंचे. घटना का जायजा लिया. अधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई व फॉरेंसिक जांच के बारे में जानकारी ली. सीसीटीवी में चारों लुटेरों की तस्वीर कैद हो गयी है. सभी मुंह पर गमछा लपेटे हुए हैं व उनके हाथ में पिस्तौल है. लूटकांड को अंजाम देने के बाद लुटेरे बैंक कर्मियों के पांच मोबाइल छीन कर ले गये थे. उनमें से तीन मोबाइल ग्राम रसोईया धमना के पास फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. एक मोबाइल गया जिला के इलाके में फेंका मिला. इससे अनुमान लगाया गया है कि लुटेरे बिहार से आये थे. लूटपाट करने के बाद उधर ही भागे. हजारीबाग एसपी ने कांड उदभेदन के लिए एसआइटी का गठन किया है. टीम में एडिशनल एसपी अमित कुमार, बरही डीएसपी, बरही थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी शामिल हैं.
प्राथमिकी में 3.987 किलो सोना व 4,22,492 कैश का उल्लेख
लूट की घटना को लेकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के बरही शाखा प्रबंधक अजय राम ने बरही थाना में लिखित प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में बैंक के गोल्ड सेफ में 78 पैकेट में रखे 22 कैरेट के 3.987 किलोग्राम सोना व कैश काउंटर व स्ट्रांग रूम से चार लाख 22 हजार 492 रुपये नकद लूटे जाने की बात लिखी है. प्राथमिकी के अनुसार लुटेरे शुक्रवार को लंच के समय 3.09 बजे बैंक में घुसे. काला हेलमेट पहने एक लुटेरे ने पिस्तौल निकालकर शाखा प्रबंधक के आंखों पर वार कर दिया. उन्हें कैश काउंटर की ओर धकेल दिया. इसके बाद अन्य अपराधियों ने भी हथियार निकालकर सभी कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया व लूट को अंजाम दिया. सोना व नकदी लुटेरे साथ लाये पिट्ठू बैग में भरकर ले गये. जाते-जाते सभी कर्मियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया. बैंक में उस समय प्रबंधक अजय राम, उप प्रबंधक रौशन कुमार सिंह, हेड कैशियर शास्वती सिंह, पीओ रितिका कुमारी व प्यून प्रकाश रविदास सहित कुल पांच स्टाफ ड्यूटी पर थे.डीजेडएम ने घटना का जायजा लिया :
बैंक के डिप्टी जेनरल मैनेजर (डीजेडएम) ए दुबे व जोनल ऑफिसर मो क्यूम शनिवार को बरही पहुंचे. घटना का जायजा लिया. उन्होंने ब्रांच में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पायी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




