सवारी वाहन पलटा, एक की मौत, एक गंभीर

बाइक सवार को बचाने के क्रम में हादसा
कटकमसांडी. कटकमसांडी प्रखंड के एदला टोंगरी के पास सवारी वाहन के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गये. घायल तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है. बताया जाता है कि सवारी वाहन हजारीबाग से यात्री लेकर कटकमसांडी प्रखंड के डाटो जा रहा था. इसी दौरान एदला टोंगरी के पास एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान वाहन एक गड्ढे में पलट गया. वाहन के पलटने से उसमें सवार चतरा जिला के बलबल द्वारी गांव निवासी बिनोद भुइयां (45 वर्ष, पिता बिनाही भुइयां) की मौत हो गयी. जबकि बाझा गांव निवासी अमित राणा (पिता भैरव राणा) बुरी तरह घायल हो गये. जिन्हें कटकमसांडी सीएचसी में प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया. वहीं घायल सरिता देवी (पति भुवनेश्वर यादव) का इलाज कटकमसांडी सीएचसी में चल रहा है. अन्य कई लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आयी हैं.
हादसे की वजह तेज रफ्तार अौर ओवरलोडिंग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एदला टोंगरी के पास अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार सवारी वाहन करीब 10 फीट नीचे सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को कटकमसांडी अस्पताल लाया गया. समाजसेवी पप्पू पांडेय ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. लोगों ने इस हादसे की वजह ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बतायी. कहा कि जिस प्रकार वाहन पलटा है, एक बड़ी घटना हो सकती थी. वाहन का चारों चक्का ऊपर हो गया था. कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति कि मौत हुई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. वहीं घायलों का इलाज चल रहा है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










