विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का मामला दर्ज, पति गिरफ्तार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 21 May 2026 10:26 PM
सास-ससुर व देवर फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
कटकमसांडी. कटकमदाग थाना क्षेत्र के कदमा गांव में बुधवार को 22 वर्षीय काजल देवी का शव पुलिस ने ससुराल के आंगन से बरामद किया. मामले में मृतका की मां राधा देवी (पति स्व जीवलाल साव) ने दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है. वहीं, ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है. राधा देवी के अनुसार तीन वर्ष पूर्व काजल की शादी कदमा गांव निवासी अशोक साव के पुत्र विकास साव के साथ हुई थी. शादी में क्षमता के अनुसार नकद राशि व सामान दहेज में दिया गया था. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर काजल को प्रताड़ित करते थे. वहीं, ससुर अशोक साव ने बताया कि काजल रात में कमरे में सोयी थी. देर रात उसने कमरे के पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले में राधा देवी ने पति विकास साव, ससुर अशोक साव, सास प्रतिमा देवी एवं देवर राजेश साव को नामजद आरोपी बनाया है. पुलिस ने विकास साव को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि विवाहिता का शव आंगन से बरामद किया गया. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गये थे. पुलिस टीम गठित कर छापामारी कर रही है. एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










