हजारीबाग में बनेगा फ्लाइओवर

Updated:
विज्ञापन
हजारीबाग में बनेगा फ्लाइओवर

सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

विज्ञापन

हजारीबाग. हजारीबाग शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाइओवर का निर्माण होगा. इसका प्रस्ताव नगर निगम और पथ प्रमंडल ने संयुक्त रूप से राज्य के शहरी विकास विभाग को भेजा है. फ्लाइओवर बनाने का प्रस्ताव सूडा से मांगा गया था. जिस पर दोनों विभाग ने संयुक्त रूप से सर्वे कर रिपोर्ट भेजी है. प्रस्ताव जानने के बाद विभाग हजारीबाग में फ्लाइओवर निर्माण को लेकर कंसलटेंंट और डीपीआर तैयार करायेगा. हजारीबाग में फ्लाइओवर बन जाने के बाद सड़क जाम से मुक्ति और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त होगी. इससे शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरनेवाले वाहनों को काफी सुविधा होगी. इसके अलावा दूरदराज से आनेवाली यात्री वाहनों को हजारीबाग रेलवे स्टेशन के अलावा छड़वा डैम, खिरगांव मार्ग में फ्लाइओवर से सफर करने में भी आसानी होगी.

कहां से कहां तक बनेगा फ्लाइओवर

नगर निगम और पथ प्रमंडल विभाग द्वारा भेजे गये प्रस्ताव में नूतन नगर तीन नंबर से फ्लाइओवर बनना शुरू होगा, जो कोर्रा, इंद्रपुरी मार्ग से छड़वा डैम तक पहुंचेगा. दूसरी ओर कोर्रा से संत कोलंबा कॉलेज, दीक्षित गैस एजेंसी होते हुए खिरगांव से चतरा सिमरिया मार्ग पहुंचेगा.

दो स्थानों पर बनेगा वाई जंक्शन

हजारीबाग-विष्णुगढ़ मार्ग (522) में नूतन नगर तीन नंबर से फ्लाइओवर में वाई जंक्शन बनेगा. यहां से एक तरफ संत कोलंबा कॉलेज होते हुए खिरगांव मुख्य पथ तक पहुंचेगा. दूसरी ओर मटवारी, इंद्रपुरी होते हुए छड़वा डैम चतरा रोड तक पहुंचेगा. दूसरा वाई जंक्शन इंद्रपुरी चौक के पास बनाने का प्रस्ताव है. जिसमें एक रास्ता कोर्रा व दूसरा रास्ता खिरगांव को जोड़ेगा. इस तरह फ्लाइओवर निर्माण होने से एक तरफ शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी. नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि फ्लाइओवर बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है. सरकार से स्वीकृति मिलते इसकी प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.

विज्ञापन
Sunil Prasad

लेखक के बारे में

By Sunil Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola