बाइक सवार दंपती पर फायरिंग, पत्नी की मौत, पति घायल

Published by :SUNIL PRASAD
Published at :27 Apr 2026 10:41 PM (IST)
विज्ञापन
बाइक सवार दंपती पर फायरिंग, पत्नी की मौत, पति घायल

26 अप्रैल की शाम रामगढ़ से खरीदारी कर घर लौट रहा था दंपती

विज्ञापन

केरेडारी. हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के कोले स्टेशन के पास बाइक सवार दंपती पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की. इसमें मंजू देवी नामक महिला की मौत हो गयी, जबकि उसका पति विकास प्रजापति घायल हो गया. जानकारी के अनुसार राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ 26 अप्रैल को मोटरसाइकिल से रामगढ़ खरीदारी करने गया था. वहां से घर लौटने के क्रम में खलारी-पतरातू मुख्य मार्ग पर कोले स्टेशन के समीप शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिया के पास घात लगाये अपराधियों ने फायरिंग कर दी. इस हमले में विकास प्रजापति की बांह में गोली लगी, जबकि मंजू देवी सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बचरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं विकास प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना के हेंदेगीर पिकेट पुलिस और पिपरवार पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखा सहित कुछ सामान बरामद किया है. मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है. केरेडारी पुलिस ने बचरा अस्पताल से मंजू देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. घटना के संबंध में मृतका की मां देवंती देवी ने केरेडारी थाना में आवेदन दिया है. जिसमें उसने मृतका के पति विकास प्रजापति, ससुर नरेश प्रजापति, ननद गुड़िया देवी, निशा देवी, पूजा देवी, ननदोई संदीप प्रजापति, संजय प्रजापति को आरोपी बनाया है. केरेडारी थाना के सहायक अवर निरीक्षक टिंकू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद मामला दर्ज किया जायेगा.

घायल विकास प्रजापति की दूसरी पत्नी थी मंजू देवी

मृतका के भाई मासीपीढ़ी हजारीबाग निवासी अर्जुन कुमार (पिता सुरेश प्रजापति) ने बताया कि मंजू देवी, विकास प्रजापति की दूसरी पत्नी थी. मंजू की शादी 15 जुलाई 2020 को राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति के साथ हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. विकास अक्सर मंजू के साथ मारपीट करता था. उसने मंजू को जहर खिलाने का प्रयास भी किया था. इस बाबत 21 सितंबर 2025 को खलारी थाना में सनहा भी दर्ज कराया गया है. अर्जुन के अनुसार विकास की पहली पत्नी पूनम देवी ओडिसा की है, जिसे वह बचरा में रखता है. इसके अलावा विकास किसी तीसरी लड़की से भी फोन पर बातचीत करता है.

विज्ञापन
SUNIL PRASAD

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola