बरवां नाला के पुल से नीचे गिरा ई-रिक्शा, आठ महिलाएं घायल

सामने से स्कॉर्पियो के आने पर बिगड़ा ई-रिक्शा चालक का संतुलन
इचाक. अलौंजा-बोधीबागी पथ पर इचाक थाना क्षेत्र के बरवां नाला पर बने पुल से ई-रिक्शा के नीचे गिर जाने से उस पर सवार आठ महिलाएं घायल हो गयीं. घटना में चालक मिथलेश राम बाल-बाल बचा. घटना सोमवार दोपहर की है. घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. महिलाओं को नाले से बाहर निकालकर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजवाया. वहीं घायल शांति देवी को आरोग्यम अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया. सभी घायल महिलाएं अलौंजा खुर्द गांव की रहने वाली हैं. इनमें चमेली देवी (36 वर्ष), गीता देवी (40 वर्ष), रीता देवी (35 वर्ष), पूनम देवी (25 वर्ष), शांति देवी (35 वर्ष), रीना देवी (33 वर्ष), बबीता देवी (38 वर्ष), करुणा देवी (36 वर्ष) शामिल है. ग्रामीणों ने बताया कि सभी महिलाएं गांव के मिथलेश राम की ई-रिक्शा से अलौंजा से इचाक बाजार जा रही थीं. ई-रिक्शा जैसे ही बरवां सोती नाला पर पहुंचा, सामने से एक स्कॉर्पियो आ गया. जिस कारण ई-रिक्शा के चालक ने संतुलन खो दिया व वाहन पुल के नीचे नाले में गिर गया. सूचना पाकर मुखिया सकेंद्र मेहता अस्पताल पहुंचे. घायलों का इलाज कराने में सहयोग किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










