चीतल व सांभर से बढ़ेगी सेंचुरी की रौनक

Published by :SUNIL PRASAD
Published at :04 May 2026 10:21 PM (IST)
विज्ञापन
चीतल व सांभर से बढ़ेगी सेंचुरी की रौनक

हजारीबाग सेंचुरी में ‘नये मेहमानों’ की आमद से मजबूत होगा जंगल का इको सिस्टम

विज्ञापन

हजारीबाग. हजारीबाग वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में वन विभाग की पहल से वन्यजीव संरक्षण को नयी गति मिली है. सेंचुरी में चंद्रपुरा डियर पार्क से लाये गये चीतल नये मेहमान बनकर पहुंचे हैं. जिससे न केवल वन्यजीवों की संख्या बढ़ी है, बल्कि जैव विविधता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है. हजारीबाग वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में चंद्रपुरा डियर पार्क से लाये गये करीब 60 से 70 चीतल इन दिनों चर्चा में हैं. इन्हें दो माह पूर्व सुरक्षित तरीके से सेंचुरी लाया गया था और फिलहाल विशेष एंक्लोजर में रखा गया है. इन नये मेहमानों के आने से एंक्लोजर में वन्यजीवों की संख्या बढ़कर करीब 170 हो गयी है. वहीं, सेंचुरी क्षेत्र में पहले से ही लगभग 400 चीतल मौजूद हैं. वन विभाग के अनुसार, यह पहल वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के दृष्टिकोण से मील का पत्थर साबित होगी. विभाग की योजना है कि अगस्त माह में इन चीतलों को एंक्लोजर से निकालकर जंगल में छोड़ा जायेगा. इसके लिए सॉफ्ट रिलीज प्रक्रिया अपनायी जायेगी, जिसमें ‘बोमा टेक्निक’ और हर्बीवोर रेस्क्यू प्वाइंट का उपयोग किया जायेगा, ताकि जानवर प्राकृतिक वातावरण में आसानी से खुद को ढाल सकें.

सेंचुरी में सांभर की संख्या बढ़ाने की तैयारी

वन विभाग जल्द ही रांची स्थित काली माटी डियर पार्क से 11 सांभर लाने की योजना बना रहा है, जिसमें आठ मादा और तीन नर शामिल होंगे. वर्तमान में सेंचुरी में लगभग 10 सांभर ही मौजूद हैं. सांभर हिरण की एक प्रजाति है, जो हिरण से बड़ी होती है.

वन्यजीवों को पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर

डीएफओ सूरज सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में बाघ का आना-जाना लगा हुआ है. बाघ के स्थायी निवास के लिए पर्याप्त शिकार आधार जरूरी है, जिसे ध्यान में रखते हुए चीतल और सांभर की संख्या बढ़ायी जा रही है. इसके साथ ही करीब 75 हेक्टेयर क्षेत्र में घास के मैदान विकसित किये जा रहे हैं, ताकि इन शाकाहारी जीवों को पर्याप्त भोजन मिल सके. वन्यजीवों के लिए सेंचुरी क्षेत्र में कई चेक डैम बनाये गये हैं.

वाइल्डलाइफ सेंचुरी क्षेत्र में जंगल सफारी शुरू होगा

डीएफओ ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही जंगल सफारी शुरू करने की भी योजना है. इसके लिए पांच सफारी वाहनों का प्रस्ताव भेजा गया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद पर्यटकों को पोखरिया, टाइगर ट्रैप, बाघमारा डैम, राजडेरवा और सेवंथ टावर जैसे रूट पर सफारी करायी जायेगी. इससे आने वाले दिनों में सेंचुरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है.

विज्ञापन
SUNIL PRASAD

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola