चंदा और श्रमदान से ग्रामीणों ने बनायी तीन किमी सड़क

चंदा और श्रमदान से ग्रामीणों ने बनायी तीन किमी सड़क
गुमला. कसीरा पंचायत के कोयंजारा गाजीटोली गांव के लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लगातार अनसुनी करने से से नाराज होकर खुद मोर्चा संभाला और चंदा जुटा कर व श्रमदान कर करीब तीन किमी कच्ची सड़क बनायी है. गांव से ओलमुंडा पुल तक सड़क नहीं होने से लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. बरसात में यह रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता था, जिससे गांव का संपर्क लगभग कट जाता था. मरीजों, स्कूली बच्चों व दैनिक कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को जान जोखिम में डाल कर सफर करना पड़ता था. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद और संबंधित विभागों को आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग उठायी. लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला. वर्षों तक इंतजार के बाद जब कोई पहल नहीं हुई. तब गांव के लोगों ने स्वयं सड़क बनाने का निर्णय लिया. सुबह करीब 11 बजे गांव के लोग एकजुट हुए. किसी ने फावड़ा उठाया, किसी ने कुदाल, तो किसी ने मिट्टी ढोने का काम संभाला. ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान कर सड़क को चलने लायक बना दिया. गांव की महिलाएं भी इस कार्य में पीछे नहीं रहीं. ग्रामीण दिल मोहन गोप ने कहा कि चुनाव के समय नेता गांव में बड़े-बड़े वादे करते हैं. लेकिन चुनाव खत्म होते भूल जाते हैं. कहा कि सड़क नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी मरीजों को होती है. कई बार एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और मरीजों को खटिया पर उठा कर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










