ट्रैक्टर ने टुकटुक को मारी टक्कर, फिर बाइक जा भिड़ी; भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत

विज्ञापन

टुकटुक के ऊपर चढ़ा बाइक का चक्का | Prabhat Khabar Network

गुमला में ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन

गुमला. गुमला थाना के अंबवा सुरसुरिया मोड़ के पास रविवार को एक भीषण घटना हुई. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक टुकटुक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया. इसी दौरान, गिंडरा महुआटोली गांव से आ रहे रोहित मुंडा और सुधर मुंडा की बाइक दुर्घटनाग्रस्त टुकटुक से जा टकरायी. घटना इतनी भीषण थी कि बाइक और टुकटुक के चीथड़े उड़ गए, जो हादसे की भयानक तीव्रता को दर्शाता था. दुर्घटना में दोनों बाइक सवारों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे घटनास्थल पर मातम पसर गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे.

आपके शहर में

विज्ञापन

इस दुखद घटना के तुरंत बाद, स्थानीय ग्रामीण अपने रोष को व्यक्त करने के लिए सड़क पर उतर आए.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा होकर ट्रैक्टरों के परिचालन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे. जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गयी. स्थिति को देखते हुए सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार व सीओ हरीश कुमार पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया. इसके बाद जाम हटाया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध ट्रैक्टरों का परिचालन धड़ल्ले से हो रहा है. चालक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चलाते हैं. जिससे आये दिन हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई ट्रैक्टरों को नाबालिग चालक चलाते हैं. इससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है.

बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर-डाला चलाने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर और उसका डाला भी बिना नंबर प्लेट का है. ग्रामीणों का कहना है कि बिना नंबर वाले वाहनों से बालू का परिवहन किया जा रहा है और कार्रवाई के डर से वाहनों की पहचान छिपाने का प्रयास किया जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: किताबों से आगे है शिक्षा... शिक्षक दिवस पर छात्रों को दिया सफलता का बड़ा मंत्र

मुआवजे की मांग

आक्रोशित ग्रामीण मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग पर भी अड़े गये. ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि हादसे में दो परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया है. प्रशासन मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये और दोषी वाहन चालक एवं वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे.

ये भी पढ़ें: भारत को जानो’ क्विज को लेकर तैयारी तेज, गुमला के 9 स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola