चोरी के आरोप में पकड़े गए तीन युवकों की लोगों ने की पिटाई, छापेमारी में ब्राउन शुगर बरामद

गुमला के शांति नगर में चोरी करते पकड़े गए तीन युवकों की लोगों ने पिटाई कर दी. मामले में जांच के दौरान पुलिस ने नशे के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए ब्राउन शुगर बरामद की.
गुमलः शहर के शांति नगर में शनिवार को चोरी की घटना के बाद मामला उस समय गंभीर हो गया, जब स्थानीय लोगों ने चोरी के आरोप में पकड़े गए तीन युवकों की पिटाई कर दी. बंद घर में चोरी करने घुसे तीनों युवकों को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उनके हाथ रस्सी से बांध दिए और करीब एक घंटे तक उनकी पिटाई की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया.
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी अनिरुद्ध अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे. इसी दौरान तीन युवक घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए. पड़ोसियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने अनिरुद्ध को सूचना दी. घर लौटने के बाद अनिरुद्ध और मोहल्ले के लोगों ने तीनों युवकों को चोरी करते हुए पकड़ लिया.
नशे की हालत में थे तीनों युवक
पकड़े गए युवकों की पहचान टुडूरमा निवासी सौरभ साहू, घाघरा निवासी महेश सिंह और मुरली बगीचा निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने कथित रूप से बताया कि वे ब्राउन शुगर के आदी हैं और शांति नगर क्षेत्र में ही उन्हें नशीला पदार्थ मिलता है. यह जानकारी सामने आने के बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया.
बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष कथित रूप से ब्राउन शुगर बेचने वाले अनिल साहू के घर पहुंच गए. वार्ड सदस्य अनिल यादव की सूचना पर इंस्पेक्टर विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनिल साहू के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी.
चाची के नाम से चर्चित महिला की तलाश जारी
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि इलाके में "चाची" के नाम से चर्चित एक महिला कथित रूप से ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़ी है. छापेमारी के दौरान वह घर पर नहीं मिली. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन
मोहल्ले की महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि इलाके में नशे के अवैध कारोबार के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं. उन्होंने अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस ने मोहल्ले में बैठक कर लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










