तेल के लिए उमड़ी भीड़ से, घंटों जाम रहा एनएच- 43

Updated:
विज्ञापन
तेल के लिए उमड़ी भीड़ से, घंटों जाम रहा एनएच- 43

गुमला में पेट्रोल व डीजल की भारी किल्लत से आम जनजीवन प्रभावित

विज्ञापन

गुमला. गुमला में पेट्रोल व डीजल की भारी किल्लत से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है. मंगलवार को सिसई रोड स्थित संत इग्नासियुस स्कूल के समीप पेट्रोल पंप पर सुबह छह बजे से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बाइक से लेकर बड़ी गाड़ियों तक में तेल भराने के लिए लंबी कतार लग गयी, जिससे नेशनल हाइवे-43 पर घंटों जाम लगा रहा. जाम के कारण सैकड़ों वाहन फंस गये. इसमें स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं भी प्रभावित हुए. पेट्रोल पंप के पास लगे जाम को पार नहीं कर पाने के कारण कई बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके. देर होने के डर से कई छात्र बैरंग घर लौट गये. सुबह से दोपहर तक पेट्रोल पंपों पर भीड़ बनी रही. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. कुछ समाजसेवियों की पहल से भी जाम हटाने में राहत मिली.

सिसई के पेट्रोल पंप तीन दिनों से ड्राइ

इधर, सिसई प्रखंड मुख्यालय के अधिकांश पेट्रोल पंप पिछले तीन दिनों से ड्राई पड़े हैं. तेल कंपनियों द्वारा बीच-बीच में किसी एक पंप को सीमित सप्लाइ दी जा रही है. पेट्रोल या डीजल मिलने की सूचना मिलते ही पंपों पर अनियंत्रित भीड़ जमा हो जा रही है. सोमवार को भगत पंप में तेल पहुंचा था, लेकिन दूसरे ही दिन स्टॉक खत्म हो गया. मंगलवार को सूर्या पंप और जगत पंप में तेल टैंकर पहुंचते ही ग्राहकों की लंबी कतार लग गयी. सैकड़ों लोग डब्बा लेकर तेल लेने पहुंच गये. इस दौरान कई ग्राहकों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली. तेल मिलने पर लोगों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी.

किसानों पर बढ़ा संकट

पेट्रोल व डीजल की किल्लत का असर किसानों पर भी पड़ने लगा है. गर्मी के मौसम में सब्जी की खेती कर रहे किसानों को सिंचाई के लिए डीजल नहीं मिल पा रहा है. किसान डब्बा लेकर पेट्रोल पंप पहुंच रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक आदेश का हवाला देकर उन्हें बोतल में तेल देने से मना किया जा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि जल्द तेल उपलब्ध नहीं हुआ, तो सिंचाई प्रभावित होगी और फसल बर्बाद होने की आशंका बढ़ जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola