गुमला में खेल सुविधाओं के विस्तार पर मंथन

Published at :08 May 2026 10:47 PM (IST)
विज्ञापन
गुमला में खेल सुविधाओं के विस्तार पर मंथन

समाहरणालय सभागार चंदाली में हुई जिला खेल संचालन समिति की बैठक

विज्ञापन

गुमला. जिला खेल संचालन समिति की बैठक शुक्रवार को समाहरणालय सभागार चंदाली में उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गयी. बैठक में संत पात्रिक उवि गुमला में डे-बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालक) तथा संत पीयूष उवि कामडारा में डे-बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालिका) खोलने के प्रस्ताव पर विचार किया गया. साथ ही जिले में बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए फुटबॉल बालिकाओं के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा गुमला सदर व भगत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बसिया में फुत्सल कोर्ट निर्माण, गुमला, बसिया और चैनपुर में बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम के लिए मैट अधिष्ठापन तथा विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में इंडोर जिम स्थापना से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई. बैठक में गुमला सदर में स्विमिंग पुल निर्माण, परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए डग आउट निर्माण, कामडारा एवं जारी (बुमतेल) में हॉकी खिलाड़ियों के लिए ड्राई एस्ट्रोटर्फ अधिष्ठापन तथा तेलंगा खड़िया स्टेडियम में डगआउट व नेट फेंसिंग की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया. साथ ही डुमरी, जारी व कामडारा प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों के अपग्रेडेशन, मरम्मत व जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा गया. बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों के कोचों ने खिलाड़ियों की सुविधाओं से संबंधित मांगें रखीं. इनमें बालिका हॉस्टल की स्थापना, परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम मैदान का जीर्णोद्धार, पेयजल समस्या का समाधान, खेल किट की उपलब्धता दोबारा शुरू करने, चेंजिंग रूम निर्माण, कुश्ती खिलाड़ियों के लिए मैट तथा फिजियोथेरेपी सेंटर की स्थापना शामिल रही. उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने निर्देश दिया कि खेल विकास से संबंधित सभी प्रस्तावों को उचित माध्यम से संबंधित विभागों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने गुमला में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का भी निर्देश दिया. बैठक में जिला खेल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न प्रखंडों के कोच और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola