बैंककर्मी बनकर आया साइबर ठग, ATM अपडेट के नाम पर युवती से मांगी जानकारी और उड़ा दिए ₹50 हजार
गुमला में बैंककर्मी बनकर साइबर ठग ने महिला के खाते से 50 हजार रुपये उड़ा लिए। एटीएम अपडेट के नाम पर हुई इस धोखाधड़ी की पुलिस जांच कर रही है।
गुमला: बैंककर्मी बनकर साइबर ठग ने सुरसुरिया केसिपारा निवासी 20 वर्षीय बुधनी कुमारी को झांसे में लेकर उसके खाते से 50 हजार रुपये उड़ा लिये. खाते से रकम निकाले जाने का मैसेज मिलने के बाद पीड़िता को ठगी का पता चला. इसके बाद उसने गुमला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
एटीएम अपडेट के नाम पर मांगी जानकारी
बुधनी कुमारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके एटीएम की वैधता जल्द समाप्त होने वाली है. एटीएम को चालू रखने के लिए तत्काल अपडेट कराना जरूरी है.
बैंककर्मी की बात पर भरोसा करना पीड़िता को भारी पड़ गया. ठग ने उससे एटीएम और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी बताने के लिए कहा. पीड़िता ने उसकी बातों में आकर मांगी गयी जानकारी साझा कर दी. इसके कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपये की निकासी का संदेश आया.
पुलिस से रकम वापस दिलाने की गुहार
रकम कटने का मैसेज आते ही बुधनी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ. वह बिना देर किये गुमला थाना पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लिखित आवेदन सौंपा. पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर ठगी की रकम वापस दिलाने की गुहार लगायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील
साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गयी है. बैंक कभी भी फोन पर एटीएम पिन, ओटीपी, पासवर्ड या खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहता. ऐसे फोन आने पर किसी भी जानकारी को साझा करने के बजाय तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क करना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










