सोलर लाइट लगाने में 11 लाख रुपये का घोटाला

Published at :13 Apr 2017 8:16 AM (IST)
विज्ञापन
सोलर लाइट लगाने में 11 लाख रुपये का घोटाला

दुर्जय पासवान गुमला : सिसई प्रखंड की रेड़वा पंचायत में सोलर लाइट लगाने में 11 लाख रुपये के घोटाले का मामला प्रकाश में आया है. इसकी शिकायत प्रखंड सामान्य प्रशासन समिति के सदस्य बैबुल अंसारी ने की है. उन्होंने उपायुक्त को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है. बैबुल अंसारी ने कहा है कि 14वें […]

विज्ञापन
दुर्जय पासवान
गुमला : सिसई प्रखंड की रेड़वा पंचायत में सोलर लाइट लगाने में 11 लाख रुपये के घोटाले का मामला प्रकाश में आया है. इसकी शिकायत प्रखंड सामान्य प्रशासन समिति के सदस्य बैबुल अंसारी ने की है.
उन्होंने उपायुक्त को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है. बैबुल अंसारी ने कहा है कि 14वें वित्त आयोग की राशि से रेड़वा पंचायत में 35 पीस सोलर लाइट लगाने का दावा मुखिया चमरू उरांव ने किया है.
इसके एवज में प्रति पीस 31 हजार 500 रुपये की दर से सोलर लाइट खरीद दिखाते हुए 11 लाख 25 सौ रुपये की सरकारी राशि की निकासी की गयी है. जबकि हकीकत यह है कि पंचायत में एक भी सोलर लाइट नहीं लगायी गयी है. अगर कहीं एक दो पीस लगायी भी गयी होगी, तो उसमें भी फरजीवाड़ा किया गया है, क्योंकि एक सोलर लाइट की बाजार में कीमत मात्र 12 हजार रुपये है. लेकिन मुखिया ने 31 हजार 500 रुपये प्रति पीस सोलर लाइट खरीद कर सरकारी राशि का घोटाला किया है. इसमें संबंधित पंचायत के पंचायत सेवक रामचंद्र भगत भी मिले हुए हैं. इन लोगों ने निविदा के आधार पर सोलर लाइट खरीदने का दावा किया है, जबकि किसी प्रकार की निविदा नहीं निकाली गयी थी.
सोलर लाइट खरीद में घोटाला करने संबंधी लग रहे आरोप के संबंध में मुखिया चमरू उरांव ने कहा कि मैंने किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं की है. कुल 30 पीस सोलर लाइट खरीदी गयी है, जिसमें 28 पीस सोलर लाइट अपनी पंचायत के गांवों में लगा दिया है. शेष दो सोलर लाइट दो-तीन दिन के अंदर लगा देंगे. जबकि दूसरी ओर सिसई के बीडीओ मनोरंजन कुमार ने राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम गुमला के निदेशक नयनतारा केरकेट्टा व डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा को पंचायतवार सोलर लाइट व पानी टैंकर खरीद की सूची सौंपी हैं. इसमें उन्होंने जिक्र किया है कि रेड़वा पंचायत में 14वें वित्त आयोग के तहत 41 लाख तीन हजार 633 रुपये खर्च करना था, जिसमें अबतक पंचायत में विभिन्न योजनाओं में 28 लाख 92 हजार 517 रुपये खर्च किये गये हैं. इसमें अभी फंड में 12 लाख 11 हजार 116 रुपये शेष बचा हुआ है.
बीडीओ ने यह भी जिक्र किया है कि पंचायत के लिए 35 सोलर लाइट की खरीद 31 हजार 500 रुपये प्रति पीस के हिसाब से की गयी है, जिसमें 11 लाख 2500 रुपये सोलर लाइट खरीद में निकासी की गयी है.
जांच रिपोर्ट सौंपी गयी है
प्रखंड सामान्य प्रशासन समिति सिसई ने 14वें वित्त आयोग की राशि से पंचायतों में की गयी विकास योजनाओं की जांच की. जांच में पाया गया कि अपनी कमाई के लिए मुखिया व पंचायत सेवक ने सोलर लाइट व पानी टैंकर की खरीद की है, लेकिन इसमें बाजार मूल्य से ढाई गुणा खर्च ज्यादा दिखाया गया है.
रेड़वा पंचायत में नौ फरवरी को टीम जांच करने गयी थी, लेकिन मुखिया व पंचायत सेवक गायब थे. इसके बाद बीडीओ ने 25 फरवरी को मुखिया व पंचायत सेवक को समिति के समक्ष उपस्थित होकर जांच कराने के लिए कहा. इसके बावजूद दोनों अनुपस्थित रहे. इसपर समिति ने जांच रिपोर्ट में लिखा है कि 14वें वित्त आयोग की योजनाओं में घोटाला हुआ है. इसमें दोबारा जिला से टीम गठित कर जांच कराने की मांग भी की गयी है, ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके.
निदेशक को जांच का जिम्मा
सिसई प्रखंड में 14वें वित्त आयोग की राशि से खरीद में हुई गड़बड़ी की जांच का जिम्मा डीडीसी ने राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम गुमला के निदेशक नयन तारा केरकेट्टा को दिया है. निदेशक इसमें जांच भी शुरू कर दी है. जांच के प्रथम चरण में निदेशक ने बीडीओ से पंचायतवार मुखिया व पंचायत सेवकों द्वारा खरीद की गयी सामग्री व विकास के कामों की सूची मांगी है. साथ ही सोलर लाइट व टैंकर कितने पीस व कितनी राशि में खरीद की गयी है, इसकी भी जानकारी मांगी. निदेशक की मांग पर बीडीओ ने सभी 18 पंचायत की सूची सौंप दी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola