बेटियों को पढ़ायें व झारखंड का मान बढ़ायें : सीएम
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 03 Feb 2019 6:59 AM
गुमला : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को गुमला में सुकन्या योजना की शुरुआत की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुकन्या योजना बेटियों के लिए है. बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई और शादी तक के लिए सरकार पैसा दे रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्भ में पल […]
गुमला : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को गुमला में सुकन्या योजना की शुरुआत की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुकन्या योजना बेटियों के लिए है. बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई और शादी तक के लिए सरकार पैसा दे रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्भ में पल रहा नवजात बेटा है या बेटी, इसकी जांच अल्ट्रासाउंड से न करायें. बेटी को जीने का अधिकार दें. बेटियों को पढ़ायें और झारखंड का मान बढ़ायें. अगर बेटियों को कोई परेशानी हो, तो वह 181 नंबर पर कॉल कर जानकारी दे. शीघ्र समस्या का समाधान होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व राज्य में भाजपा की सरकार है. यानी डबल इंजन की सरकार है. इससे जनता को फायदा ही फायदा है.
कार्यक्रम में चार हजार से अधिक लाभुकों को सुकन्या योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
विपक्ष पर साधा निशाना : परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहा है. भ्रष्ट व सत्तालोलुप नेता सक्रिय हो गये हैं. झारखंड की जनता भ्रष्ट नेताओं से सावधान रहे. कांग्रेस ने 55 साल देश में शासन किया, लेकिन कोई बदलाव नहीं लाया. जनता को लूट कर ये लोग अपनी झोली भरते रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल में देश की दशा व दिशा में सुधार लाया है. पहले गरीबों के पास 100 रुपये में 15 रुपये पहुंचता था. अब मोदी की सरकार में 100 में से 100 रुपये गरीबों तक पहुंच रहा है. कांग्रेस की सरकार में 72 हजार रुपये का आय प्रमाण बनाने के लिए 7200 रुपये घूस देने पड़ते थे. वहीं, भाजपा की सरकार में सब कुछ मुफ्त है. भ्रष्टाचार व बिचौलियागिरी बंद है. उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया-2022 तक सभी किसानों की आय दोगुनी हो जायेगी. इस मौके पर स्पीकर दिनेश उरांव, केंद्रीय राज्यमंत्री सुदर्शन भगत, विधायक शिवशंकर उरांव, पद्यमश्री अशोक भगत, आयुक्त शुभ्रा ने भी सुकन्या योजना की जानकारी देते हुए बेटियों के संरक्षण की बात कही.
1.27 अरब रुपये की योजना का उद्घाटन व शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 48 करोड़ 34 लाख 12 हजार 128 रुपये की योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और 78 करोड़ 96 लाख 40 हजार 552 रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया. वहीं, 10 करोड़ रुपये की राशि सखी मंडलों को प्रदान की गयी. किसानों को 100 पंपिंग सेट बांटे गये. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 501 लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया. पांच चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिये गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










