मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत छात्र-छात्राओं को मिली साइकिलें

छात्र-छात्राओं की भी साइकिल वितरण करते प्रखंड विकास पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड में सरकारी विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं. इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों की कठिनाइयों को दूर करना है, खासकर छात्राओं के लिए यह एक बड़ी राहत है.
कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री साइकिल योजना के तहत गुरुवार को गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड परिसर में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबियां सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना है. साइकिल मिलने से विशेष रूप से छात्राओं को लाभ होगा. वे अब आसानी से विद्यालय पहुंच सकेंगी और शिक्षा के प्रति अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी. बीडीओ ने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा साइकिल का उपयोग केवल शिक्षा और आवश्यक कार्यों के लिए सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है. प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संदीप यादव ने बताया कि पात्रता के आधार पर तैयार सूची के अनुसार पोड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध करायी गयी है. उन्होंने कहा कि शेष पात्र लाभुकों के बीच भी चरणबद्ध तरीके से साइकिलों का वितरण किया जाएगा. इस अवसर पर जीपीएस अजय कुमार, बीपीओ मोहम्मद कमालुद्दीन, मनोज कुमार सहित अन्य प्रखंडकर्मी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










