महागामा में तीन सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना नौवें दिन भी जारी

Author Sanjeet kumar|Edited by Sameer Oraon
Updated:
विज्ञापन
तीन सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना नौवें दिन भी जारी

धरना प्रदर्शन में शामिल सफाई कर्मी. | Prabhat Khabar Network

महागामा नगर पंचायत के सफाई कर्मियों का तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना नौवें दिन भी जारी है। कर्मचारी आउटसोर्सिंग व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं।

विज्ञापन

गोड्डा : गोड्डा जिला स्थित महागामा नगर पंचायत के सफाई कर्मियों का तीन सूत्री मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रहा. झारखंड लोकल बॉडीज एंप्लॉय फेडरेशन के बैनर तले बड़ी संख्या में सफाई कर्मी अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर डटे रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. आंदोलनरत कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. धरने पर बैठे सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था लागू कर वर्षों से कार्यरत दैनिक कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की तैयारी की जा रही है. उनका कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से नगर पंचायत में लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें ईपीएफ तथा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का लाभ नहीं मिल सका है. कर्मियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत द्वारा आउटसोर्सिंग व्यवस्था को कर्मचारियों के हित में बताया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है. उनका कहना है कि नयी व्यवस्था लागू होने से लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों की नौकरी पर संकट उत्पन्न हो जाएगा और उनके भविष्य के साथ अन्याय होगा. आंदोलनकारी सफाई कर्मियों ने मांग की कि नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में पारित आउटसोर्सिंग व्यवस्था को तत्काल निरस्त किया जाये. साथ ही वर्षों से कार्यरत दैनिक कर्मियों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सभी सुविधाएं, ईपीएफ तथा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का लाभ उपलब्ध कराया जाये. धरनास्थल पर मौजूद सफाई कर्मियों ने एक स्वर में कहा कि जब तक बोर्ड का निर्णय वापस नहीं लिया जाता और उनकी तीनों मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola