NH-133 पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो के उड़े परखच्चे; चालक गंभीर
सांकेतिक तस्वीर.
बोआरीजोर के पास NH-133 पर अज्ञात वाहन ने ऑटो को कुचला. एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को निकाला, हालत नाजुक. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी.
प्रतिनिधि, बोआरीजोर. ललमटिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर बाबूपुर के समीप मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गये और चालक अमित कुमार (22) वाहन के अंदर ही फंस गया.
आपके शहर में
एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने ललमटिया पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह और हनवारा थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने ऑटो में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अमित को क्षतिग्रस्त ऑटो से बाहर निकाला जा सका. थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह खुद उसे एंबुलेंस से बोआरीजोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोड्डा रेफर कर दिया गया.
बोआरीजोर से घर लौट रहा था अमित
घायल चालक की पहचान लोहंडिया बाजार निवासी राजेश साह के 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है. वह प्रतिदिन ललमटिया, बोआरीजोर और महागामा इलाके में ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय अमित बोआरीजोर से अपने घर लौट रहा था. ऑटो में वह अकेला था. दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज सदर अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है. इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस ने वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिये हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए