गोड्डा सदर अस्पताल के न्यू ICU में कार्य बहिष्कार, गंभीर मरीजों की बढ़ी परेशानी
स्वास्थ कर्मियों की ओर से कार्य बहिष्कार का चिपकाया गया पोस्टर | Prabhat Khabar Network
गोड्डा सदर अस्पताल के ICU में मानदेय और PF बकाया पर हड़ताल, गंभीर मरीजों का इलाज ठप. स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर संकट. जानें पूरी खबर.
प्रतिनिधि, गोड्डा. गोड्डा सदर अस्पताल के न्यू ICU वार्ड में कार्यरत अनुबंध कर्मियों ने मार्च 2026 से बकाया मानदेय और पिछले एक वर्ष से PF की राशि जमा नहीं होने के विरोध में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है. स्वास्थ्यकर्मियों के काम बंद करने से ICU वार्ड की सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गयी हैं. ICU में एक भी कर्मी के मौजूद नहीं रहने से गंभीर मरीजों के इलाज में परेशानी बढ़ गयी है.
आपके शहर में
वेंटिलेटर और क्रिटिकल केयर मरीजों को हो रही परेशानी
कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण वेंटिलेटर और क्रिटिकल केयर की जरूरत वाले अति गंभीर मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे जिलों का रुख करना पड़ रहा है. इससे मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें काफी बढ़ गयी हैं.
ICU में कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण वार्ड में ताला लटकने जैसी स्थिति बनी हुई है. गंभीर मरीजों के लिए महत्वपूर्ण इस वार्ड की सेवाएं प्रभावित होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
मार्च से बकाया मानदेय भुगतान की मांग
आक्रोशित कर्मियों ने मार्च 2026 से बकाया पूरे मानदेय का अविलंब भुगतान करने और पिछले 12 महीनों से PF खाते में जमा नहीं की गयी राशि को तत्काल ट्रांसफर करने की मांग की है.
कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय और PF की समस्या बनी हुई है. उनका आरोप है कि मांगों को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गयी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे.
बैकअप व्यवस्था नहीं होने से मरीजों के परिजन नाराज
कार्य बहिष्कार के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक किसी बैकअप टीम या वैकल्पिक व्यवस्था की घोषणा नहीं की गयी है. इससे मरीजों के परिजनों में रोष है.
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और ICU की स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द बहाल कराने की मांग की है, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों या जिलों में नहीं जाना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए