ईद मिलाद-उन-नबी पर शांति-सौहार्द का संदेश, हनवारा थाना में जुटे जनप्रतिनिधि और गणमान्य
शांति समिति की बैठक में शामिल गणमान्य | Prabhat Khabar Network
हनवारा में ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक. आपसी भाईचारा, सौहार्द और अफवाहों से बचने पर हुई चर्चा. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया.
हनवारा : ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को हनवारा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विकास कुमार ने की. इस दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
आपके शहर में

अफवाहों से बचने की अपील
थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व के दौरान सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी तरह की भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की. साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा.
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी नजर
बैठक में जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने पर चर्चा हुई. थाना प्रभारी ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने का संदेश
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं. सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखें. पुलिस की ओर से पर्व को लेकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गयी.
बैठक में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए