मस्जिद के समीप जलजमाव से ग्रामीण परेशान, जल निकासी की मांग तेज

Author Sanjeet kumar|Edited by Sameer Oraon
Updated:
विज्ञापन
मस्जिद के समीप जलजमाव से ग्रामीण परेशान, जल निकासी की मांग तेज

जलजमाव का नजारा. | Prabhat Khabar Network

गोड्डा जिले के नारायणपुर गांव में मस्जिद के पास जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है. सड़क पर पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी असुविधा हो रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है.

विज्ञापन

गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड की रामकोल पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव स्थित मस्जिद के समीप लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. सड़क पर पानी जमा रहने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ मस्जिद में नमाज अदा करने आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि हल्की बारिश के बाद भी मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे मस्जिद तक पहुंचने का रास्ता जलमग्न हो जाता है. नमाज के समय लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. इससे कपड़े गंदे होने के साथ-साथ फिसलकर दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है. इस समस्या से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं. कई बार लोगों को मस्जिद तक पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वर्षा का पानी लंबे समय तक जमा रहता है. इससे दुर्गंध फैलने लगी है तथा मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मस्जिद के समीप शीघ्र जल निकासी की समुचित व्यवस्था करायी जाये. साथ ही सड़क किनारे नाला निर्माण अथवा अन्य स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि जलजमाव की समस्या का समाधान हो सके और लोगों को आवागमन तथा नमाज अदा करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola