बलबड्डा में बछड़ा प्रदर्शनी का आयोजन, पशुपालकों को किया गया सम्मानित

Updated:
विज्ञापन
बलबड्डा में बछड़ा प्रदर्शनी का आयोजन, पशुपालकों को किया गया सम्मानित

स्वस्थ बछड़ों को किया गया पुरस्कृत, पशुपालकों की आय बढ़ाने पर दिया गया जोर

विज्ञापन

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, गोड्डा के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के राम सुंदर राम प्लस टू उच्च विद्यालय, बलबड्डा परिसर में बछड़ा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अगुआई प्रखंड भ्रमणशील पशुपालन पदाधिकारी डॉ. बालेश्वर निराला ने की. प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, प्रमुख कंचन देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष शशांक शेखर सिन्हा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनिंद्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि विपिन बिहारी सिंह एवं मुखिया खुशबू कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर आगंतुकों एवं पशुपालकों को जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं भ्रमणशील पशुपालन पदाधिकारी द्वारा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया. बछड़ा प्रदर्शनी में प्रखंड क्षेत्र के पशुपालकों द्वारा दर्जनों बछड़े प्रदर्शित किये गये. उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने सभी बछड़ों का बारीकी से अवलोकन किया. मूल्यांकन के उपरांत इंद्रदेव सिंह के बछड़े को सबसे स्वस्थ घोषित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया. द्वितीय पुरस्कार अनिल महतो तथा तृतीय पुरस्कार सुखनंदन महतो को दिया गया. विजेता पशुपालकों को पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा आर्टिफिशियल गाय भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के मार्गदर्शन में पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है. पशुपालकों को अनुदान पर मिलने वाली गाय, बकरी एवं सूअर जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु विभाग लगातार संपर्क में है. उन्होंने कहा कि पशुपालकों के हर सुख-दुख में जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है. अधिक दूध उत्पादन एवं बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रखंड क्षेत्र में दुग्ध क्लस्टर की स्थापना की गयी है, ताकि पशुपालक उचित दाम पर दूध विक्रय कर सकें. साथ ही उन्होंने पशुओं में किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क करने एवं समय-समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी. मौके पर जिला गव्य विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. अमरेंद्र पांडेय, डॉ. बीरेंद्र किशोर, डॉ. विकास कुमार, डॉ. शुभम कुमार, डॉ. मनोज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं पशुपालक उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola