गोड्डा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

गोड्डा पुलिस लाइन के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस शव की पहचान और वाहन की तलाश में जुटी है।
गोड्डा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के समीप सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रात करीब दो बजे पुलिस शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंची.
सिर और गले पर मिले गंभीर चोट के निशान
प्राथमिक जांच में युवक के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाये गये हैं. पुलिस का मानना है कि उसकी मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. घटनास्थल से उसका एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जो फिलहाल बंद अवस्था में मिला. पुलिस मोबाइल को चालू कर उसमें उपलब्ध डेटा और सिम कार्ड के आधार पर मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन तथा मृतक की पहचान की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










