यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों और अस्पताल सुविधाओं से संबंधित मांगें रखीं

राजमहल कोल परियोजना में एटक यूनियन की बैठक आयोजित
राजमहल कोल परियोजना के एरिया कार्यालय के सभागार भवन में एटक यूनियन के नेता एवं परियोजना प्रबंधन की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता परियोजना के एपीएम मनोज इमानुएल टुडू ने की. बैठक में यूनियन नेताओं ने नियमित रूप से संयुक्त सलाहकार समिति और हाउसिंग वेलफेयर की बैठक बुलाने की मांग की. इसके अलावा ऊर्जा नगर अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध कराने तथा खराब जांच मशीनों को बदलने की भी मांग रखी गयी. यूनियन ने सेवानिवृत्त एवं मृत कर्मचारियों को तीन महीने के अंदर ग्रेच्युटी राशि का भुगतान करने और ऊर्जा नगर अस्पताल से देवघर एम्स रेफर किये गये मरीजों के आने-जाने का किराया उपलब्ध कराने की मांग भी की. यूनियन की मांगों पर परियोजना के पदाधिकारियों ने बताया कि संयुक्त सलाहकार समिति और हाउसिंग वेलफेयर की बैठक नियमित रूप से बुलायी जाएगी. ऊर्जा नगर अस्पताल से देवघर एम्स रेफर किये गये मरीजों को आने-जाने का किराया उपलब्ध कराया जाएगा. अन्य मांगों पर वरिष्ठ पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा. बैठक में रामस्वरूप, राम जी साह, राम सुंदर महतो, गुरु प्रसाद हाजरा, शंकर गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं यूनियन नेता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




