Giridih News :युवती की संदेहास्पद स्थिति में मौत, युवक गया जेल

Edited by PRADEEP KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Giridih News :शादी का झांसा देकर चार माह से युवती को अपने घर में रखने और शादी का दबाव बनाने पर संदेहास्पद स्थिति में युवती की मौत हो गयी. इस मामले में बेंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

विज्ञापन

युवती के पिता की शिकायत पर आरोपित युवक रांगामाटी गांव निवासी मनीष मुर्मू को बेंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया. इधर, मृतक युवती का पोस्टमार्टम के बाद दोनों पक्ष शव को लेने से इंकार कर देने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हो गयी. कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को रांगामाटी में शव का अंतिम संस्कार कराने में पुलिस सफल रही. बताया जाता है कि देवरी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी मनीष मुर्मू के साथ तय हुई थी. शादी के पूर्व युवक युवती को अपने घर रंगामाटी ले आया.

चार माह से युवक-युवती रह रहे थे साथ

चार माह से दोनों साथ रह रहे थे. युवती के परिजनों ने जब शादी का दबाव बनाया तो शुक्रवार की सुबह बताया गया कि उसकी पुत्री की तबीयत खराब है. परिजन रांगामाटी गांव पहुंचे और युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को ले जाने की बात कही. लेकिन, मृतक युवती का शव ना तो उसके पिता पक्ष के लोग ले जाने को तैयार थे ना ही युवक पक्ष के लोग. मामला फंसता देख पुलिस ने शव को बेंगाबाद थाना ले आयी. रात भर शव थाना में पड़ा रहा. इधर, शनिवार को शव लेकर पुलिस युवक के गांव पहुंची. दोनों पक्ष के बीच भारी तनाव का माहौल देख गांव में पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था की गयी.

युवती के पिता ने लगाया हत्या का आरोप

युवती के पिता ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के साथ मनीष मुर्मू ने मारपीट की. शादी से बचने के लिए पिटाई के बाद उसी जहर पिला दिया. इससे उसकी तबियत बिगड़ गयी और उसने दम तोड़ दिया. अनुसंधानकर्ता विजय कुमार मंडल ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी युवक मनीष मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया गया.

कड़ी मशक्कत के बाद किया गया दाह-संस्कार

वहीं शव को दोनों पक्ष ले जाने को तैयार नहीं थे. कड़ी मशक्कत के बाद शव को युवक के घर रांगामाटी ले जाया गया. परिजनों की मांग के अनुसार गिरफ्तार युवक को सुरक्षा में लेते हुए रांगामाटी ले जाया गया, जहां मृत युवती के साथ विवाह की रस्म अदा करायी गयी. इसके बाद शव को अंतिम संस्कार कराया गया. शव का अंतिम संस्कार के बाद दो दिनों से परेशान पुलिस ने राहत की सांस ली.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola