Giridih News :गिरिडीह में 50 लाख की चांदी के साथ दो युवक धराये, एक कार जब्त
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 24 May 2026 10:11 PM
Giridih News :नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18.854 किलोग्राम अवैध चांदी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की है, चांदी की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में सवार दो युवक चांदी खपाने के उद्देश्य से गिरिडीह शहर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की गश्ती टीम सक्रिय हुई और बड़ा चौक की ओर जांच अभियान चलाया गया. इसी क्रम में ओपन माइंड्स वर्ल्ड स्कूल के पास एक संदिग्ध कार दिखाई दी. पुलिस को देखकर कार सवार युवक तेज गति से वाहन लेकर भागने लगे. लेकिन, गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया. जब युवकों से भागने का कारण पूछा गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम रोहित संजय भगत और दूसरे ने पीयूष अग्रवाल बताया. संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गयी तो एक थैले से चांदी का सिल्लीनुमा और छोटे-छोटे छर्रों के रूप में भारी मात्रा में चांदी बरामद हुई. जांच में कुल 18.854 किलोग्राम चांदी पाई गई, जो चार पीले रंग के प्लास्टिक पैकेट में रखी हुई थी. इनमें से एक पैकेट में चांदी के छर्रों के साथ एक बिस्किट भी बरामद किया गया.
पुलिस कर रही है पूछताछ : थाना प्रभारी
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी बरामद की गयी है. दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया है. पूछताछ के क्रम में जब दोनों से बरामद चांदी से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.पुलिस के समक्ष लगातार बयान बदल रहे हैं चांदी तस्कर
गिरफ्तार चांदी तस्कर लगातार बयान बदल रहे हैं. पुलिस द्वारा जब चांदी से संबंधित कागजात मांगे गए तो दोनों आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. काफी समय दिए जाने के बावजूद वे चांदी के स्वामित्व या खरीद-बिक्री से जुड़े कागजात नहीं दिखा पाए. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह चांदी गिरिडीह निवासी विशाल नामक व्यक्ति से खरीदी गयी है. लेकिन, पुलिस द्वारा बताए गए व्यक्ति की तलाश के लिए कई स्थानों पर छानबीन करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से तीन एंड्रॉयड स्मार्ट फोन भी बरामद किया गया है. आगे की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपनी पहचान छुपाकर वर्तमान में हजारीबाग में रहकर अवैध रूप से चांदी की खरीद-बिक्री का धंधा कर रहे थे. पुलिस ने बरामद चांदी और वाहन को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों के खिलाफ गस्ती दल में तैनात एएसआइ प्रमोद प्रसाद के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.पूर्व में भी कई बार चांदी खपाने का आ चुका है मामला
बता दें कि गिरिडीह शहर में इससे पहले भी कई बार अवैध रूप से चांदी खपाने के मामले सामने आ चुके हैं. पूर्व में पुलिस कार्रवाई के दौरान चांदी के सिल्ले और बिस्किट बरामद किए जा चुके हैं, वहीं इस अवैध कारोबार से जुड़े दो–तीन जेवर व्यवसायियों को जेल भी जाना पड़ा है. इसके बावजूद चांदी के अवैध लेन-देन का नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका है. ताजा मामले में नगर थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरिडीह कनेक्शन को खंगालने में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










