Giridih News : अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, नौ बाइकें बरामद
Updated at : 10 Mar 2026 11:48 PM (IST)
विज्ञापन

Giridih News : बनखंजो पुल के पास वाहन जांच के दौरान पकड़ में आये
विज्ञापन
Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह.
गिरिडीह जिले के पचंबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. गिरोह का मास्टरमाइंड कोडरमा जिले का बताया जा रहा है. गिरफ्तार दोनों युवक चोरी की बाइक अलग-अलग जगहों पर छिपाकर खपाने का काम करते थे. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी. सूचना के बाद एसपी ने पचंबा थाना पुलिस को सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.ऐसे पकड़ में आये आरोपी :
पचंबा थाना पुलिस ने क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान बनखंजो पुल के पास एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखते ही घबरा गये और बाइक छोड़कर भागने लगे. पुलिस ने दोनों को खदेड़ कर पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान जब बाइक से संबंधित कागजात मांगे गये, तो दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. गिरफ्तार आरोपी शक्ति चौधरी व दीपक चौधरी बेंगाबाद थाना क्षेत्र खुट्टाबांध, बघरा के निवासी हैं.खंडोली से बरामद हुईं आठ चोरी की बाइकें :
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की गयी कई मोटरसाइकिलें बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली इलाके में छिपाकर रखी गयी हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां छापेमारी की और अलग-अलग स्थानों से आठ चोरी की बाइकें बरामद कीं. पुलिस के अनुसार, बरामद बाइकों में छह बुलेट हैं, जबकि बाकी अन्य कंपनियों की मोटरसाइकिलें हैं.बाइक चोरी गैंग का मास्टरमाइंड है कोडरमा का :
पुलिस के अनुसार बाइक चोरी गिरोह का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड कोडरमा जिले का रहने वाला है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि गिरोह का सरगना खुद बाइकों की चोरी करता था, जबकि उसके सहयोगी दीपक चौधरी और शक्ति चौधरी चोरी की गयी बाइकों को लेकर गिरिडीह पहुंचते थे. बताया जा रहा है कि मास्टरमाइंड द्वारा चोरी की गयी मोटरसाइकिलों को दीपक और शक्ति गिरिडीह जिले में लाकर अलग-अलग सुरक्षित ठिकानों पर छुपाते थे. इसके बाद इन बाइकों को धीरे-धीरे खपाने की योजना बनायी जाती थी, ताकि किसी को शक न हो और पुलिस की पकड़ से गिरोह बचा रहे. इसी संगठित तरीके से यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था. फिलहाल पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है. उसे पकड़ने के लिए गिरिडीह के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ अन्य जिलों में भी विशेष टीमों को लगाया गया है.धनबाद, हजारीबाग व कोडरमा जिले से चोरी की गयी हैं अधिकतर बरामद बाइक :
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पचंबा थाना पुलिस द्वारा बरामद की गयी चोरी की मोटरसाइकिलों में केवल गिरिडीह जिले की बाइक ही शामिल नहीं हैं. इसमें धनबाद, हजारीबाग और कोडरमा जिलों से चोरी की गयीं मोटरसाइकिलें ज्यादा संख्या में हैं. छापामारी दल में डीएसपी टू कौसर अली, पचंबा इंस्पेक्टर मंटू कुमार, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, पचंबा थाना के एसआइ प्रशांत कुमार, एसआइ प्रभात कुमार, एसआइ रोजलीना हांसदा, आरक्षी रवींद्र प्रसाद, आरक्षी विजय कुमार, चौकीदार मुस्तफा अंसारी और चौकीदार तबरेज आलम शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




