Giridih News :लोगों को सुविधा के लिए तत्पर रहें : सीएस

Giridih News :सिविल सर्जन डॉ बच्चा सिंह ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी का औचक निरीक्षण किया. इस क्रम में उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ सफाई, दवा भंडारण, प्रसव गृह, ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी व लैब का जायजा लेकर चिकित्साकर्मियों को हमेशा तत्पर रहने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान सीएस ने स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य पर संतोष जताते हुए कर्मियों को नियमित रूप से बायोमीट्रिक अटेंडेंस बनाने, अस्पताल में प्रसव की संख्या बढ़ाने, रिक्त पड़े व निष्क्रिय सहिया के स्थान पर नया चयन करने तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर गांवों में प्रचार-प्रसार कर 14 से 20 वर्ष की किशोरियों व युवतियों का टीकाकरण करने का निर्देश दिया. देवरी सीएचसी में चिकित्सक की कमी व महिला चिकित्सक नहीं रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि देवरी समेत जिले भर के कई प्रखंडों में चिकित्सकों की कमी है. रिक्ति के अनुरूप मंत्री से चिकित्सकों की पोस्टिंग करवाने की मांग की गयी है. चिकित्सकों की पोस्टिंग होते ही देवरी सीएचसी को भी चिकित्सक उपलब्ध करवाया जायेगा.
नियमित रूप से आयुष्मान आरोग्य मंदिर का करें संचालन
उन्होंने देवरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को प्रखंड क्षेत्र के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर को नियमित रूप से संचालन करने एवं कार्य में रुचि नहीं लेनेवाले कर्मियों पर विभागीय निर्देशानुसार कार्रवाई के लिए अनुशंसा करने पर जोर दिया. साथ ही कैंसर रोग से पीड़ित लोगों को चिकित्सीय सलाह व दवा लेने से संबंधित जानकारी देने की बात कही. मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ देवव्रत कुमार, डॉ सूरज कुमार, डॉ दिनेश सिंह समेत ओमप्रकाश ठाकुर, राजेश कुमार यादव, खीरोधर मुर्मू, एंजेला कुजूर, रीता देवी, शुभम कुमार, अजय वर्मा, कामदेव राय, मो संताज, संजय टोपनो, बबलू कुमारी, नौशाद अंसारी, खुर्शीद अंसारी आदि मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










