Giridih News :जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी : डॉ सरफराज

Giridih News :गिरिडीह जिले में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था को देखते हुए राज्यसभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद के आवास में रविवार को एक उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में रांची व देवघर से आयी विद्युत विभाग की विशेष टीम के अलावा गिरिडीह जिले के जीएम, एसी, टाउन एग्जीक्यूटिव तथा ग्रामीण क्षेत्र के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के दौरान जिले में बिजली आपूर्ति से जुड़ी सभी समस्याओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी. डॉ अहमद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है. कहा कि गिरिडीह शहरी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बिजली व्यवस्था अच्छी नहीं है. कई स्थानों पर लंबे समय से रोप आउट की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा कई क्षेत्रों में हाइटेंशन तार जर्जर अवस्था में हैं, पोल की भी समस्या है.
प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य शुरू करें
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर अविलंब आवश्यक कार्य शुरू करें. बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि जमीनी स्तर पर तेजी से कार्य करना होगा. ताकि आम लोगों को राहत मिल सके. डॉ अहमद ने पूरे मामले से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा झारखंड बिजली बोर्ड के चेयरमैन को भी अवगत कराया है. बैठक में मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द पूरे जिले में विशेष टीमों का गठन कर फील्ड सर्वे कराया जायेगा. इसके बाद जर्जर तारों व पोल बदले जायेंगे. जहां-जहां तकनीकी खराबियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जायेगा. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में गिरिडीह जिले की बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










