Giridih News: प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के खाते से रुपये निकालने का आरोप

Giridih News: गावां प्रखंड स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खंडोत के प्रबंधन समिति व अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के खाते से एक लाख बीस हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है.
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि प्रधानाध्यापक सह सचिव ने विद्यालय के खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर चार किस्त में कुल एक लाख बीस हजार रुपये निकाल लिए हैं.
इस बात की जानकारी तब लगी जब वे खाते को अपडेट करने बैंक गये. अपडेट कराने पर पता चला कि दो बार चालीस-चालीस हजार रुपये व दो बार बीस-बीस हजार रुपये निकाले गये हैं.जबकि अध्यक्ष व संयोजिका को इसकी कोई जनकारी नहीं है. उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन की स्थिति काफी खराब है. यहां अध्ययनरत छात्र छात्राओं को विद्यालय वेश, स्वेटर आदि की भी आपूर्ति नहीं की गयी है.
विद्यालय की अव्यवस्था के कारण यहां बच्चों की संख्या दिन प्रतिदिन घटती जा रही है. मध्याह्न भोजन नहीं बनने के कारण विभाग से मिला चावल आदि खराब होता जा रहा है.प्रबंधन समिति के सदस्यों व ग्रामीणों ने की बैठक
मामले की जानकारी होने पर बुधवार को विद्यालय परिसर में प्रबंधन समिति के सदस्यों व ग्रामीणों की एक बैठक का आयोजन किया गया. ग्रामीणों ने तय किया कि अवैध रूप से रुपये की निकासी मध्याह्न भोजन सुचारू रूप से नहीं चलने समेत अन्य मुद्दों को ले विभागीय अधिकारियों आवेदन दिया जाएगा.ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाध्यापक के द्वारा एक कमरे को छोड़ शेष सभी कमरों में पटरा रखवाया गया है. वहीं राज मिस्त्री व लेबर को रहने के लिए विद्यालय मुहैया करा दिया गया है जिससे परिसर में गंदगी फैली रहती है. वहीं एक ही कमरे में प्रथम से पंचम तक के बच्चों को बैठाया जाता है.
यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ व मामले की जांच नहीं की गई तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य हो जाएंगे. मामले की जानकारी होने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मरगूब आलम भी विद्यालय पहुंचे व प्रधानाध्यापक सह सचिव से इस संबंध में पूछताछ की.उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे वरीय पदाधिकारियों से मिलकर घटना की जांच करने का आग्रह करेंगे.
पैसे निकालने की बात स्वीकारी, अध्यक्ष व संयोजिका से हस्ताक्षर नहीं करवाने के सवाल पर चुप्पी साध गये प्रधानाचार्य
इधर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह सचिव रविंद्र कुमार ने कहा कि मेरे द्वारा राशि की निकासी की गयी है. क्योंकि एमडीएम के सामानों का क्रय करना जरूरी था. जब उनसे पूछा गया कि राशि निकासी के लिए अध्यक्ष व संयोजिका से हस्ताक्षर क्यों नहीं लिया गया, तो इसपर चुप्पी साध गये.मध्याह्न भोजन नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विद्यालय का चापानल खराब रहने के कारण कुछ दिनों तक मध्याह्न भोजन बंद रखा गया था. पुनः चालू कर दिया गया है.
मामले में बीपीओ गंगाधर पांडेय ने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. विद्यालय जाकर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




