Giridih News :नौ गांवों में होनी थी जलापूर्ति, पर चार गांवों को ही मिल रहा पानी

Published by :PRADEEP KUMAR
Updated at :12 May 2026 10:18 PM
विज्ञापन
Giridih News :नौ गांवों में होनी थी जलापूर्ति, पर चार गांवों को ही मिल रहा पानी

Giridih News :जल जीवन मिशन की मल्टी विलेज स्कीम ढेंगाडीह ग्रामीण जलापूर्ति योजना का बुरा हाल है. वर्ष 2022 में कार्य प्रारंभ कर 2024 में कार्य पूरा करते हुए चयनित नौ गांवों के कुल 2051 परिवारों के घर में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, पर तय अवधि बीत जाने के बाद भी कनेक्शन 1844 घरों को ही दिया गया और जलापूर्ति हो रही है चार गांवों में ही. लक्ष्य पूरा करने में योजना हांफ रही है.

विज्ञापन

योजना के तहत ढेंगाडीह पंचायत के ढेंगाडीह, चोलीडीह, मंझलाडीह गादी गांव, मारुडीह पंचायत के बरवाडीह, ननकार, रानीडीह, धनीरामडीह, रानीडीह का रामाडीह टोला तथा हरला पंचायत के गरडीह गांव में पानी पहुंचाने की योजना बनी. विभाग का दावा है कि योजना के तहत धनीरामडीह, रानीडीह, मंझलाडीह व चोलीडीह गांव में पाइपलाइन से पानी मिलना प्रारंभ हो गया है. लक्ष्य के विरुद्ध हुए कार्य में 1844 परिवारों को कनेक्शन भी दे दिया गया है. हालांकि विभाग के दावे के अनुरूप धरातल पर कार्य नहीं दिख रहा है.

सड़क पर बह रहा है पानी

चोलीडीह व मंझलाडीह के ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति शुरू होने के साथ ही पानी रिसने लगा. दोनों गांवों के ग्रामीण विनोद यादव, रामधनी यादव, परशुराम यादव, जागेश्वर यादव, रामदेव राम आदि ने कहा कि नियमित जलापूर्ति नहीं होती है. सप्लाई शुरू होने पर पानी का रिसाव शुरू हो जाता है. सड़क पर पानी बहने लगता है. ढेंगाडीह व बरवाडीह में भी सड़क पर पानी का रिसाव शुरू हो जाता है. रानीडीह व धनीरामडीह में भी नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है.

गादी में एक भी घर को नहीं मिल रहा जल

गादी गांव के मिथिलेश राय, श्रवण राम, शनिचर राम, वकील यादव, परमानंद राय, ललन प्रसाद राय, अरविंद कुमार, विशुनदेव सिकदर आदि ने बताया कि गांव के एक भी घर में पानी नहीं मिल रहा है. अधिकांश घरों को कनेक्शन भी नहीं दिया गया है. ढेंगाडीह की पूर्व मुखिया उषा कुमारी ने कहा कि संवेदक जैसे-तैसे कार्य कर रहा है. काम अधूरा छोड़ दिया गया है. फलत: करोड़ों खर्च के बाद भी ग्रामीणों को योजना का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है. अधिकारियों से स्थिति सुधारने की मांग की जायेगी. सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जायेगा.

गरडीह गांव में पाइपलाइन का कार्य अधूरा

योजना के तहत हरला पंचायत के गरडीह गांव में पाइपलाइन बिछाने से पहले ही कनेक्शन दे दिया गया है. फिलहाल ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है. ग्रामीण दिलीप पासवान, वकील दास, विशाल रजवार, बसंती देवी, अशोक रजवार, अरुण दत्ता, विमल दत्ता, राजेंद्र मंडल, सदानंद रजवार आदि ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व कनेक्शन व स्टैंड पोस्ट बनाने के लिए सभी से आधार कार्ड व दो दो सौ रु लिया गया. इसके बाद कुछ घरों में स्टैंड पोस्ट लगाया गया. कुछ घरों में सिर्फ पाइप पहुंचा दी गयी और सप्लाई शुरू नहीं हो पायी है.स्टैंड पोस्ट लगाने का काम चल रहा है : जेई

विभागीय जेई त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि योजना के तहत 2051 परिवारों को पानी पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें 1844 परिवार को कनेक्शन दे दिया गया. रानीडीह, धनीरामडीह, मंझलाडीह व चोलीडीह गांव के सभी घरों में जलापूर्ति शुरू कर दी गयी है. जमीन विवाद की वजह से गरडीह में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा नहीं हो पाया है. शेष गांवों में सिर्फ स्टैंड पोस्ट लगाने का काम बाकी है. फिलहाल स्टैंड पोस्ट लगाने का काम चल रहा है. कार्य पूरा होते ही सभी गांवों में जलापूर्ति शुरू करवा दी जायेगी. रिसाव को देखते हुए पाइपलाइन दुरुस्त करवा दी जायेगी.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola