Giridih News :मंत्री व अधिकारियों ने की स्व-गणना, लोगों को दिया संदेश

Giridih News :भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान को सफल बनाने को ले सोमवार एक महत्वपूर्ण पहल हुई. मंत्री सुदिव्य कुमार, मेयर प्रमिला मेहरा, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरूआ, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा सहित राजस्व कार्यालय के अधिकारियों व अन्य कर्मियों ने स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लिया.
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी-अपनी जानकारी दर्ज की. यह संदेश दिया कि स्व-गणना ना केवल एक सरल व सुविधाजनक प्रक्रिया है, बल्कि यह नागरिकों की सहभागिता को सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम भी है.
मंत्री ने की अभियान में शामिल होने की अपील
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास की आधारशिला है. स्व-गणना के माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे पारदर्शिता व सटीकता सुनिश्चित होती है. उन्होंने आम लोगों से प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. कहा कि ऐसा कर देश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें. मेयर प्रमिला मेहरा ने भी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठायें और समय-सीमा में अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें. अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरूआ ने कहा कि इसके लिए विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है, जहां से लोग आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की है.
स्व-गणना प्रक्रिया में पूर्व विधायक व प्रमुख ने लिया भाग
पूर्व विधायक राजकुमार यादव व प्रमुख ललीता देवी ने बीडीओ सह चार्ज जनगणना पदाधिकारी महेंद्र रविदास की उपस्थिति में अपनी स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी की. बीडीओ ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया जनगणना कार्य को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम पहल है. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करें. कहा कि अधिक से अधिक लोगों के जुड़ने से जनगणना कार्य को समयबद्ध व प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा. मौके पर एमओ प्रदीप राम, अनिल कुमार समेत अन्य थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










