Giridih News :नगर निगम बोर्ड की बैठक में पेयजल संकट होगा मुख्य मुद्दा

Giridih News :नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में शहर की बदहाल पेयजल व्यवस्था सहित स्लैब विहीन नाली व गंदगी की समस्या मुख्य मुद्दा होगा. निगम क्षेत्र के कई वार्डों में लगातार गहराते जलसंकट से लोग परेशान हैं. वहीं, सफाई व्यवस्था को लेकर एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाने की संभावना है. ऐसे में वार्ड पार्षद बैठक में अधिकारियों और जलापूर्ति संचालन का कार्य देखने वाले संवेदक को घेरने की तैयारी में है.
बता दें कि 25 मई को नगर निगम बोर्ड की बैठक आहूत है. इस बाबत उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक द्वारा जारी पत्र में बैठक का एजेंडा तय किया गया है. बैठक में स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के गठन, नगर निगम के आय स्रोत में वृद्धि पर विचार होगा. ज्यादा व्यय किस मद में होता है, इस पर चर्चा होगी. अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी मंत्रणा होगी.
नियमित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत
वार्ड पार्षद संजीव कुमार, दीपक कुमार यादव, नीतीश कुमार का कहना है कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है. इससे लोग परेशान हैं. वहीं, जलापूर्ति में पर्याप्त दबाव नहीं होने से ऊपरी मोहल्लों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा. कई इलाकों में लोगों को निजी टैंकरों और चापाकलों के सहारे हैं. वार्ड पार्षदों का आरोप है कि जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी में लापरवाही बरती जा रही है. वार्ड पार्षद मुन्ना रजवार का कहना है कि वार्ड 23 में नियमित रूप से जलापूर्ति नहीं होती है. इससे परेशानी हो रही है. चार सफाई कर्मियों की मांग की गयी थी, इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है. बोर्ड की बैठक में इन मामलों को उठाया जायेगा. नालियों में स्लैब बिछाने व सफाई कराने तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर भी जोर रहेगा. इधर, शहरवासियों की निगाहें अब निगम बोर्ड बैठक पर टिकी हैं, जहां से उन्हें राहत की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










