सावन पूर्णिमा पर हरिहर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

पूजा अर्चना को लेकर मंदिर में मौजूद लोगों की भीड़

सावन पूर्णिमा के अवसर पर बगोदर के हरिहर धाम मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य रहा.

विज्ञापन

सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर बगोदर स्थित प्रसिद्ध हरिहर धाम मंदिर में शुक्रवार को आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा. भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे.

आपके शहर में

विज्ञापन

मंदिर का पट तड़के तीन बजे खुलते ही महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गयी, जो दिनभर बनी रही. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की.

प्रवेश-निकास की अलग-अलग व्यवस्था से हुई सहूलियत

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था की गयी थी. एक तरफ से श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा था, जबकि दूसरी ओर से बाहर निकलने की व्यवस्था थी. इससे जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित रही और भीड़ को व्यवस्थित रखने में मदद मिली.

कमेटी तथा बगोदर पुलिस प्रशासन की बनी रही सक्रियता

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सनातन सेवा संघ कमेटी तथा बगोदर पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा. मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों और स्वयंसेवकों की तैनाती की गयी थी. महिलाओं और बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया.

मंदिर में पूजा अर्चना को लेकर जुटे लोगों की भीड़, मौजूद थाना प्रभारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
मंदिर में पूजा अर्चना को लेकर जुटे लोगों की भीड़, मौजूद थाना प्रभारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा हरिहरधाम

सावन पूर्णिमा को लेकर पूरा हरिहर धाम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. मंदिर परिसर के आसपास पूजा सामग्री, प्रसाद, खान-पान और खिलौनों की दुकानें सजीं थीं. इससे यहां मेले जैसा दृश्य बना रहा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का असर यातायात पर भी पड़ा. बगोदर-हजारीबाग मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

आसपास के शिवालय भी रहे श्रद्धालुओं से रहा गुलजार

हरिहर धाम के अलावा बगोदर थाना परिसर स्थित शिव मंदिर, सरिया रोड के महाकालेश्वर मंदिर, नीचे बाजार शिवाला मंदिर, मंझलाडीह शिव मंदिर सहित विभिन्न पंचायतों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने सावन पूर्णिमा पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. पूरे क्षेत्र में दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola