Giridih News :फाइनांस कंपनी के एजेंट का अपहरण कर मांगी 10 लाख फिरौती, 10 घंटे में हुआ बरामद, पांच गिरफ्तार
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 25 May 2026 11:39 PM
Giridih News :बेंगाबाद थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खंडोली से रविवार दोपहर दो बजे भारत माइक्रो फाइनांस कंपनी के एक एजेंट का अपहरण कर लिया गया. अपहर्ताओं ने एजेंट के परिजनों को फोन कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी. क्यूआर कोड भेजकर 24 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिये. हालांकि पुलिस ने 10 घंटे के अंदर ही अपहृत को चुंजका जंगल से बरामद कर पांच अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया.
अपहृत युवक गांडेय थाना क्षेत्र के पांडेयडीह निवासी तस्लीम अंसारी (35 वर्ष) था. गिरफ्तार अपहर्ताओं में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपराधौड़ा निवासी मो सोहेल, मोहनपुर निवासी समीर अंसारी व अफरीदी शाह और पचंबा थाना क्षेत्र के चैताडीह निवासी इरशाद अंसारी व मो आदिल अंसारी शामिल हैं. सोमवार को एसपी डॉ बिमल कुमार ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि रविवार शाम पांडेयडीह गांव निवासी इकबाल अंसारी ने बेंगाबाद पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तस्लीम अंसारी का दोपहर करीब दो बजे खंडोली के पास से बाइक सहित अपहरण कर लिया गया है. अपहर्ता परिजनों से फिरौती के रूप में 10 लाख मांग कर रहे हैं. एसपी के निर्देश पर एसआइटी का गठन किया गया.
फोन कॉल ने पुलिस को अपहर्ताओं तक पहुंचाया
अपहर्ताओं ने तस्लीम के मोबाइल से उसके चचेरे भाई इकबाल अंसारी को फोन किया और 10 लाख की फिरौती मांगी. रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी, इससे परिजन दहशत में आ गये. डर से चचेरे भाई इकबाल ने तत्काल क्यूआर कोड के जरिये 24 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये. इसके बाद उसने घटना की जानकारी बेंगाबाद थाना पुलिस को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए बेंगाबाद, नगर और मुफस्सिल थाना पुलिस के अधिकारियों को शामिल कर एसआइटी का गठन किया गया. जिस मोबाइल से फिरौती की मांग की गयी थी, पुलिस ने तकनीकी सेल मदद से उसका लोकेशन ट्रेस किया. लोकेशन चुंजका जंगल मिला. यह मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आता है. पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया और अपहृत युवक को सकुशल बरामद करने के साथ पांच अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया.मोबाइल लोकेशन पर चुंजका जंगल पहुंची पुलिस
अपहरण की सूचना के बाद पुलिस रेस हो गयी. मोबाइल लोकेशन के आधार पर सुराग मिलने के बाद कुछ पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में जबकि अन्य वर्दी में चुंजका जंगल के आसपास पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया. टीम सतर्कता के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, इसी दौरान आरोपितों को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गयी. पुलिस को नजदीक आता देख अपहरणकर्ता अपहृत तस्लीम को मौके पर ही छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे. टीम ने उनका पीछा करना शुरू किया. जंगल और उबड़-खाबड़ इलाके में दो अधिकारी घायल हो गये, वहीं कुछ अपराधी भी भागने के दौरान गिर गये. कड़ी मशक्कत और घेराबंदी के बाद पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, पचंबा की ओर भागे दो अन्य आरोपितों को भी बाद में पुलिस ने धर दबोचा. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने खुलासा किया कि इस अपहरण कांड में दो अन्य युवक भी शामिल थे. आरोपियों ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के राजा तथा जाफर उर्फ ललुवा नामक युवक भी इस साजिश का हिस्सा थे. पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दी है.आरोपितों का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने अपहरण कांड के खुलासे के दौरान आरोपियों के कब्जे से कई सामग्री बरामद की है. छापेमारी और गिरफ्तारी के क्रम में पुलिस ने दो बाइक, दो मोबाइल फोन तथा अपहृत की बाइक बरामद किया. पुलिस का कहना है कि इन वाहनों और मोबाइल का इस्तेमाल अपहरण की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने में किया गया था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस कांड में शामिल कुछ आरोपितों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. गिरफ्तार आरोपित मो आदिल अंसारी के विरुद्ध पचंबा थाना में कांड संख्या 21/26 के तहत मारपीट और चोरी से का मामला दर्ज है. वहीं, मो समीर अंसारी के खिलाफ मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 321/25 दर्ज होने की पुष्टि हुई है.छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचंबा के इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद के इंस्पेक्टर बमबम सिंह, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, एसआइ विजय मंडल शामिल थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










