पुल के अभाव में करंदो-मंजरा के ग्रामीण बेहाल, बारिश में 8 किमी का अतिरिक्त सफर

Updated:
विज्ञापन

चिरकिया नदी की फोटो

पीरटांड़ के करंदो-मंजरा के बीच चिरकिया नदी पर पुल न होने से ग्रामीणों को बरसात में 8 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की गई है।

विज्ञापन

पीरटांड़ प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाकों में पिछले कुछ वर्षों में कई सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण हुआ है. इसके बावजूद करंदो और मंजरा के बीच चिरकिया नदी पर पुल नहीं रहने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सामान्य दिनों में जैसे तैसे नदी पार कर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन बरसात के दिनों में नदी की धार तेज हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है. ऐसे में लोगों को चिरकी होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है.

पालगंज मोड़ से करंदो होते हुए खुखरा की दूरी करीब नौ किलोमीटर है. वहीं, बरसात के दिनों में चिरकी होकर खुखरा जाने पर लोगों को करीब 17 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है. इससे ग्रामीणों को अतिरिक्त समय और खर्च दोनों उठाना पड़ता है.

पालगंज मोड़ से खुखरा होते हुए गणेशपुर, तोपचांची, हरलाडीह और राजगंज की ओर जाने वाले लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. इसके अलावा खुखरा, खरपोका, तुइयो, बदगांवा, मंडरो, कुंडको, हरलाडीह समेत आसपास की पंचायतों के लोगों के लिए जिला मुख्यालय गिरिडीह जाने का प्रमुख मार्ग भी यही इलाका है.

पुल का निर्माण होने से पीरटांड़ और खुखरा क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ गिरिडीह और धनबाद जिले के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिल सकता है.

हरकटवा नदी पर भी अधूरा है पुल निर्माण

खुखरा-पालगंज मार्ग में मंजरा और खुखरा के बीच हरकटवा नदी पर भी पुल निर्माण का कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है. वर्षो पूर्व पुल निर्माण के नाम पर कुछ काम शुरू हुआ था, लेकिन उसके बाद कार्य बंद हो गया. पुल नहीं रहने के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्ग से घूमकर आवागमन करना पड़ता है.

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पुलों का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

निरीक्षण के बाद भी नहीं शुरू हुआ काम

बताया जाता है कि करीब सात वर्ष पूर्व तत्कालीन एसडीएम प्रेमलता मुर्मू ने पीरटांड़ प्रखंड के कई जर्जर सड़कों और पुल निर्माण के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने करंदो क्षेत्र का भी जायजा लिया था.

निरीक्षण के बाद प्रखंड के कई इलाकों में सड़क और पुल निर्माण का काम शुरू हुआ, लेकिन करंदो में चिरकिया नदी पर पुल निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी. करंदो मंजरा सड़क बने काफी समय बीत जाने के कारण अब सड़क की स्थिति भी काफी जर्जर हो गई है.

पुल निर्माण की ग्रामीणों ने उठायी मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से करंदो-मंजरा के बीच चिरकिया नदी तथा मंजरा-खुखरा के बीच हरकटवा नदी पर अधूरे पुल निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है.लोगों का कहना है कि दोनों पुलों का निर्माण होने से बरसात में आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के कई गांव सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ जाएंगे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola