Giridih News : जमुआ के तीनमहुआ में दो पक्षों के बीच पुन: झड़प व पथराव, सुरक्षा बढ़ायी गयी
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 04 Jun 2026 1:02 AM
Giridih News : 30 मई को प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने से उपजा था विवाद
Giridih News : प्रतिनिधि, जमुआ. जमुआ थाना क्षेत्र के तीनमहुआ गांव में 30 मई की घटना के बाद बुधवार शाम एक बार फिर दो पक्षों के बीच झड़प और पथराव की घटना से तनाव फैल गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया. फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है. जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 30 मई को गांव में एक प्रतिबंधित पशु का सिर बरामद होने के बाद हुई थी. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था और क्षेत्र में लगातार तनाव बना हुआ था. पुलिस मामले की जांच कर रही थी. इसी बीच बुधवार शाम दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गये. इस दौरान मारपीट और पथराव की घटना हुई. सूत्रों के अनुसार, एक ग्रामीण के घर के गेट पर पथराव हुआ. एक धार्मिक स्थल पर भी पथराव होने की सूचना है. इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाये रखने की अपील की है. घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस, अनुमंडल प्रशासन और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया. एहतियात के तौर पर गांव के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है. वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि 30 मई की घटना और बुधवार को हुई झड़प, दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है. माहौल बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. कोट घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. गिरिडीह के नीरज कुमार सिंह, डीएसपी वन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










