अज्ञात वाहन की टक्कर से यूट्यूब पत्रकार की मौत, परिवार का अकेला कमाने वाला था रजनीश
गढ़वा-ऊंटारी मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक यूट्यूब पत्रकार की मौत हो गई. रजनीश कुमार ठाकुर, जो परिवार के इकलौते कमाने वाले थे, के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
गढ़वाः गढ़वा-ऊंटारी मार्ग पर रमना थाना के समीप शुक्रवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक यूट्यूब पत्रकार की मौत हो गई. मृतक की पहचान पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के गोदरमा कला गांव निवासी दिलीप ठाकुर के पुत्र रजनीश कुमार ठाकुर (35 वर्ष) के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, रजनीश कुमार ठाकुर गढ़वा थाना क्षेत्र के रॉकी मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर यूट्यूब के माध्यम से पत्रकारिता का कार्य करते थे. शुक्रवार की रात वह अपनी मोटरसाइकिल से गढ़वा से रमना थाना क्षेत्र के टंडवा गांव स्थित अपने ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान रमना थाना के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- विमला प्रधान के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक, CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
अस्पताल में चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
घटना की जानकारी मिलने के बाद रजनीश को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. शव को देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी सहित कई गणमान्य लोग भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
पति के घर लौटने का इंतजार कर रही थी पत्नी
बताया गया कि रजनीश की पत्नी अपने मायके टंडवा में थी. वह रात में पति के लिए खाना बनाकर उनके लौटने का इंतजार कर रही थी. देर रात तक जब रजनीश घर नहीं पहुंचे और मोबाइल पर उनसे संपर्क भी नहीं हो पाया, तो ससुराल के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान रमना थाना के समीप सड़क पर रजनीश दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिले. बताया गया कि उस समय उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था.
ये भी पढ़ें- JPSC-JSSC गड़बड़ी में अभय तिवारी का नेटवर्क, भाई- पत्नी भी कर रहे थे एजेंट का काम
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रजनीश कुमार ठाकुर अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिजनों के अनुसार, रजनीश ही परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. पति की मौत की खबर सुनने के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए