थाने में बिचौलियों की नो एंट्री! नए प्रभारी ने कहा- समस्या हो तो सीधे मुझसे मिलें
बिचौलियों के लिए थाना में जगह नहीं- नए थाना प्रभारी | Prabhat Khabar Network
रेंडीहा थाना को नए प्रभारी राहुल कुमार सिंह मिल गए हैं. उन्होंने पदभार संभालते ही बिचौलियों की भूमिका को खत्म करने और आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने की प्राथमिकता बताई है.
मझिआंव (गढ़वा): बरडीहा थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में राहुल कुमार सिंह ने पदभार संभाल लिया है. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने, आम लोगों की समस्याओं की सीधे सुनवाई करने और गरीब-अमीर सभी को समान न्याय दिलाने को अपनी प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि थाना सभी लोगों के लिए खुला है. किसी को अपनी समस्या रखने के लिए बिचौलिये की जरूरत नहीं है. लोग सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रख सकते हैं.
थाना स्तर पर समस्याओं के समाधान पर जोर
राहुल कुमार सिंह ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि लोगों की अधिक से अधिक समस्याओं का थाना स्तर पर ही समाधान हो, ताकि लोगों को कम से कम मामलों में थाना आना पड़े. उन्होंने पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय को भी जरूरी बताया. कहा कि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करने के लिए संवाद और सहयोग का माहौल बनाना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- पुरी के जगन्नाथ मंदिर की थीम पर सजेगा मां दुर्गा का दरबार, भव्य होगा पूजा पंडाल
निवर्तमान प्रभारी को दी गई विदाई
निवर्तमान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह का स्थानांतरण कांडी थाना किया गया है. शुक्रवार को थाना परिसर में युवा समाजसेवी गुलाम गौस की ओर से विदाई-सह-स्वागत समारोह आयोजित किया गया. बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग का पद चुनौतीपूर्ण होता है और नियमानुसार स्थानांतरण होते रहते हैं. उन्होंने ऋषिकेश कुमार सिंह के करीब दो वर्ष के कार्यकाल को सराहनीय बताया.
एसआई मृत्युंजय कुमार राय ने कहा कि निवर्तमान थाना प्रभारी के साथ मिलकर कई जटिल मामलों का निपटारा किया गया. वहीं, ऋषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि करीब दो वर्ष का कार्यकाल कब गुजर गया, इसका पता ही नहीं चला. क्षेत्र के लोगों से परिवार जैसा लगाव हो गया था.
बुके और शॉल देकर नए प्रभारी का स्वागत
समारोह में नए थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह का बुके और शॉल देकर स्वागत किया गया. वहीं, निवर्तमान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह को बुके, शॉल, कलम-डायरी और श्रीराम की मूर्ति भेंट कर विदाई दी गई. बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने उन्हें पुस्तक भेंट की.
ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन पर मिथिलेश ठाकुर ने जताया शोक
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए