गढ़वा में SIR अभियान तेज, सभी ईपी पार्ट्स डाउनलोड, घर-घर पहुंच रहे BLO

गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा
गढ़वा जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जोरों पर है। 8.62 लाख से अधिक मतदाताओं के लिए 957 बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन और प्रपत्र वितरण कर रहे हैं। अब तक 51% से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश का डिजिटाइजेशन और सत्यापन पूरा हो गया है।
गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa SIR Campaign : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वा जिले में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के नेतृत्व में अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है. सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन और प्रपत्र वितरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है. 6 जुलाई 2026 तक प्राप्त प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार, जिले के 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,62,092 मतदाता सूचीबद्ध हैं. इनके लिए 957 बीएलओ कार्यरत हैं, जिनमें से 916 बीएलओ (95.72 प्रतिशत) का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. जिले में प्रत्येक बीएलओ पर औसतन 901 मतदाताओं का दायित्व है. अभियान के तहत दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 957 ईपी पार्ट्स (100 प्रतिशत) का डाउनलोड और प्रिंट कार्य पूर्ण कर लिया गया है .
51 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्रों का हुआ वितरण
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है. अब तक जिले में 4,41,065 गणना प्रपत्र (51.16 प्रतिशत) वितरित किए जा चुके हैं. इनमें से 60,293 प्रपत्रों (6.99 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 60,022 प्रपत्रों (6.96 प्रतिशत) का बीएलओ द्वारा सत्यापन भी संपन्न किया जा चुका है. इसके अलावा, अब तक जिले में 25,883 प्रपत्रों की मैपिंग तथा 33,916 प्रोजेनी मैपिंग पूरी की जा चुकी है.
विधानसभा क्षेत्र वार प्रगति रिपोर्ट
- 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र:- कुल 4,26,661 मतदाताओं के लिए 455 बीएलओ नियुक्त हैं (432 प्रशिक्षित) . यहाँ 1,85,031 गणना प्रपत्र (43.37 प्रतिशत) वितरित किए गए हैं. अब तक 32,716 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 32,558 प्रपत्रों का सत्यापन किया जा चुका है.
- 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र:- कुल 4,35,431 मतदाताओं के लिए 502 बीएलओ कार्यरत हैं (484 प्रशिक्षित) . इस क्षेत्र में अब तक 2,56,034 गणना प्रपत्र (58.80 प्रतिशत) बांटे गए हैं. इनमें से 27,577 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 27,464 प्रपत्रों का सत्यापन पूरा हो चुका है.
उपायुक्त ने की मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के घर आने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें. उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण संभव हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Priya Gupta
प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










