आवास योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, खरौंधी के समन्वयक को नोटिस
डीडीसी ने 24 घंटे के अंदर स्वयं उपस्थित होकर जवाब देने का दिया निर्देश, पूछा- क्यों न संविदा समाप्त की जाये | Prabhat Khabar Network
गढ़वा में आवास योजना के नाम पर रिश्वत मांगने के वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन ने प्रखंड समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
गढ़वा: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में रिश्वत मांगने के आरोप के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभात खबर डिजिटल पर खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। वायरल वीडियो के आधार पर खरौंधी प्रखंड के प्रखंड समन्वयक कुमार शानु केशरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू ने नोटिस जारी करते हुए प्रखंड समन्वयक को 24 घंटे के अंदर समाहरणालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है। प्रशासन ने पूछा है कि गंभीर कदाचार और भ्रष्टाचार के आरोप में उनकी संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त क्यों नहीं की जाये।
बताया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खरौंधी प्रखंड के प्रखंड समन्वयक कुमार शानु केशरी पर आवास योजना से जुड़े कार्य के बदले पंचायत सहायक से अवैध राशि मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आरोपी कर्मी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जायेगी।
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा: डीसी
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार, अनियमितता और अवैध राशि की मांग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जांच में आरोप सही पाये जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










