ठंड व कुहासे से घरों में दुबके लोग, जिले का पारा 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

जिले में ठंड से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
जिले में ठंड से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा प्रतिनिधि, गढ़वा जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. शुक्रवार को सुबह से लेकर देर शाम तक घना कुहासा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गयी. ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. शुक्रवार को शहर का तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शाम ढलने के बाद ठिठुरन में और वृद्धि हो गयी. शुक्रवार को सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. लोग बेहद कम संख्या में अपने आवश्यक कार्यों से बाहर निकले और वह भी पूरी तरह गर्म कपड़ों में लिपटे हुए थे. छोटे बच्चों को स्कूल नहीं भेजा गया. ठंड के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ा. कुहासे के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई. राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा. कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गयी. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, जगह-जगह लोगों ने खुद से अलाव की व्यवस्था की. चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश की. चिकित्सकों ने ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. लोगों से अपील की है कि वे सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें, ठंडी हवा से बचने की कोशिश करें और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें. शहर में नहीं दिखी अलाव की सरकारी व्यवस्था शुक्रवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद शहर में किसी भी सरकारी व सामाजिक संगठनों की ओर से अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं दिखी. शहर के मुख्य मार्ग पर कुछ लोग पुराने बोरे आदि जलाकर आग तापते दिखे. उनका कहना था कि वे दुकान से पुराने बोरे निकालकर जला रहे हैं, ताकि ठंड से राहत मिल सके. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि अलाव के लिए लकड़ी की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके. मौसम विभाग की चेतावनी मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड और कुहासे का असर बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपायों को अपनाने की सलाह दी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




