कांडी पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

कांडी पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर: मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, टॉप-10 छात्रों को ₹25-25 हजार देने की घोषणा. | Prabhat Khabar Network

कांडी में आयोजित सम्मान समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और टॉप-10 छात्रों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

विज्ञापन

कांडी से उपेंद्र नारायण द्विवेदी की रिपोर्ट

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शुक्रवार को झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर कांडी पहुंचे. दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ऑक्सब्रिज स्टार इंस्टीट्यूट (मेदिनीनगर) के निदेशक राहुल चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का मुख्य आधार: वित्त मंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि समाज में व्याप्त विकृतियों का मुख्य कारण शिक्षा का अभाव है. बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि केवल विद्यालय की पढ़ाई से सर्वांगीण विकास संभव नहीं है. बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षक, अभिभावक और समाज तीनों की संयुक्त भागीदारी जरूरी है.

युवाओं से राजनीति में आगे आने का आह्वान

वित्त मंत्री ने शिक्षित युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में योग्य व पढ़े-लिखे युवाओं के आने से देश को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि चुनाव में जाति-धर्म से ऊपर उठकर उम्मीदवार की योग्यता और सोच को प्राथमिकता दें, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके.

टॉप-10 विद्यार्थियों को 25-25 हजार प्रोत्साहन राशि की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान कांडी प्रखंड के शीर्ष 10 मेधावी विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई. समारोह में लक्ष्मी गुप्ता, नव्या मिश्रा, निक्की चौबे, हेमराज कुमार, लव यादव, प्रत्युष पांडेय, ज्योति कुमारी, शुभम मेहता, रोहित साव और सुधांशु पांडेय सहित कई प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया.

इसे भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा गढ़वा: पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कई स्थानों पर किया ध्वजारोहण

समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम को सफल बनाने में दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही. मौके पर मुखिया ललित बैठा, विनोद द्विवेदी, प्रखंड अध्यक्ष जवाहर राम समेत बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा के पपड़वा में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का किया प्रयास


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola