गढ़वा में बेटी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, शादी से इनकार करने पर पिता ने ही घोंटा गला
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 28 May 2026 6:58 PM
एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो.
Garhwa Crime News: गढ़वा के केतार थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय आकृति कुमारी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. शादी से इनकार करने पर पिता ने रस्सी से गला घोंटकर बेटी की हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
केतार से संदीप कुमार की रिपोर्ट
Garhwa Crime News: झारखंड के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र स्थित परती कुशवानी गांव में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने पिता ने ही की थी. आरोपी पिता ने बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसकी मर्जी से तय की गयी शादी के लिए तैयार नहीं थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक सप्ताह के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है.
बंद कमरे से मिला था किशोरी का सड़ा हुआ शव
जानकारी के अनुसार 19 मई को केतार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि परती कुशवानी गांव स्थित निर्मल सिंह के घर से तेज दुर्गंध आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में घर के बाहर लगा ताला मृतका के भाई अविनाश कुमार सिंह से खुलवाया गया. कमरे के अंदर पहुंचते ही पुलिस के होश उड़ गये. वहां निर्मल सिंह की 17 वर्षीय पुत्री आकृति कुमारी का शव जमीन पर चित अवस्था में पड़ा हुआ था. शव काफी सड़ चुका था, जिससे आशंका जतायी गयी कि हत्या दो से तीन दिन पहले की गयी थी. घटना के बाद मृतका के भाई के बयान पर केतार थाना में कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया. मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
राजस्थान में तय कर दी थी बेटी की शादी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पिता निर्मल सिंह राजस्थान में मजदूरी का काम करता था. वहीं उसने अपनी बेटी आकृति की शादी राजस्थान के ही एक युवक से तय कर दी थी. लेकिन आकृति राजस्थान जाकर शादी करने के लिए तैयार नहीं थी. वह अपने गांव और परिवार के बीच रहना चाहती थी. इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पुलिस के अनुसार यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या की साजिश रच डाली.
सोते समय रस्सी से घोंट दिया गला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि घटना वाले दिन आकृति घर में सो रही थी. इसी दौरान उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से घर के बाहर ताला लगा दिया और वहां से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार आरोपी हत्या के बाद सीधे राजस्थान भाग गया था ताकि उस पर किसी को शक न हो. लेकिन तकनीकी अनुसंधान और लगातार निगरानी के कारण पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी.
तकनीकी जांच से पुलिस को मिला सुराग
गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था. तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजस्थान में छिपा हुआ है और कुछ दिनों बाद गढ़वा लौटने की फिराक में है. इसके बाद पुलिस लगातार उसके मूवमेंट पर नजर रख रही थी. 27 मई को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कोन इलाके से होकर खरौंधी मार्ग के रास्ते नगर ऊंटारी की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गयी.
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
पुलिस टीम ने बजरमरवा गांव के पास घेराबंदी की. इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने लगा. हालांकि पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय निर्मल सिंह, पिता स्वर्गीय हरिहर सिंह, निवासी ग्राम परती कुशवानी, थाना केतार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
इसे भी पढ़ें: बांबे हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस एस चंद्रशेखर बनेंगे सुप्रीम कोर्ट के जज, झारखंड से रहा गहरा नाता
पुलिस टीम की हो रही सराहना
हत्या जैसे गंभीर मामले का एक सप्ताह के भीतर खुलासा होने पर पुलिस टीम की सराहना हो रही है. इस सफल कार्रवाई में श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, भवनाथपुर अंचल पुलिस निरीक्षक, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, केस के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक बदल कुमार साहू और केतार थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक दबाव और जबरन शादी जैसे सामाजिक मुद्दों को सामने ला दिया है. गांव में इस घटना के बाद मातम और भय का माहौल बना हुआ है. वहीं लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक पिता अपनी ही बेटी की जान कैसे ले सकता है.
इसे भी पढ़ें: पुआल काटने वाली मशीन में फंसकर मजदूर की मौत, बाल-बच्चों की खातिर गवां दी जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










